Under Construction Bridge Car Fall: निर्माणाधीन पुल से 30 फीट नीचे जा गिरी अनियंत्रित कार, मची अफरा-तफरी

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 11:54 AM (IST)

Under Construction Bridge Car Fall : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में देर रात एक खौफनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां बिलासपुर-उरगा नव-निर्माणाधीन हाईवे पर ढेंका गांव के पास बन रहे अरपा नदी के अधूरे पुल से एक कार अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट नीचे जा गिरी। इस भयानक दुर्घटना में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद निर्माणाधीन सड़कों पर सुरक्षा इंतजामों और ठेकेदारों की घोर लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक कार में सवार युवक कोरबा से बिलासपुर की ओर आ रहे थे। ढेंका के समीप अरपा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अभी अधूरा है तथा आगे सड़क का संपर्क नहीं जुड़ा है। बताया जा रहा है कि कार सवारों को इसकी जानकारी नहीं थी। इसी कारण वाहन सीधे अधूरे पुल से आगे निकल गया और करीब 30 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। 

यह भी पढ़ें: सरकारी अस्पताल में बड़ी लापरवाही: BP Patient को चढ़ा दी 'एक्सपायर्ड' ग्लूकोज की बोतल, बिगड़ी हालत

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों का इलाज जारी है। घटना के बाद निर्माणाधीन सड़क और पुल पर सुरक्षा प्रबंधों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News