छपरा सदर अस्पताल की बड़ी लापरवाही: डॉक्टर के इंतजार में तड़पकर नवजात की मौत, जांच के आदेश जारी
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 03:51 PM (IST)
नेशनल डेस्क। बिहार के सारण जिले के छपरा सदर अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ की अनुपस्थिति के कारण एक नवजात शिशु की इलाज के अभाव में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बनियापुर थाना क्षेत्र की एक गर्भवती महिला ने छपरा सदर अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया। जन्म के बाद नवजात की स्थिति ठीक नहीं होने पर परिजन उसे दिखाने के लिए अस्पताल के आपातकालीन विभाग में शिशु रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेने पहुंचे।
बताया जाता है कि उस समय अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ मौजूद नहीं थे। डॉक्टर के नहीं मिलने पर महिला वापस अपने वाडर् में लौट गई। इसी दौरान समय पर उपचार नहीं मिलने से नवजात शिशु की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ केएम दूबे मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुये इसकी जांच के आदेश दे दिए। उन्होंने कहा है कि घटना की पूरी जांच कराई जायेगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ आवश्यक कारर्वाई की जायेगी।
