राहुल पर टिप्पणी को लेकर चेन्निथला ने श्रीलेखा की आलोचना की, माफी मांगने को कहा

punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 11:38 PM (IST)

नेशनल डेस्क : केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा नेता और पार्टी पार्षद आर. श्रीलेखा को "कुछ गंभीर समस्याएं" हैं। उन्होंने यह बात कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ उनकी टिप्पणियों और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान 'ऑपरेशन तूफान' को लेकर उनकी आलोचना के बाद कही। पुनालुर में एक पार्टी कार्यक्रम के दौरान श्रीलेखा की हालिया टिप्पणियों का चेन्निथला जवाब दे रहे थे। श्रीलेखा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ गांधी के विरोध प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की थी और उनके बर्ताव की तुलना किसी ऐसे व्यक्ति की उन्मादी हरकत से की थी, जो नशे के प्रभाव में हो। पूर्व डीजीपी श्रीलेखा ने 'ऑपरेशन तूफान' की असलियत पर भी सवाल उठाए थे।

चेन्निथला ने यहां संवाददाताओं से कहा, "जब इतने ऊंचे पदों पर रहे लोग सेवानिवृत्त होते हैं, तो उनका क्या होता है? उन्हें अपने राजनीतिक हितों की रक्षा करने दें लेकिन क्या उन्हें अपने पदों के बारे में भी नहीं सोचना चाहिए?" उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार द्वारा शुरू किए गए नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान 'ऑपरेशन तूफान' में अगर कोई अनियमितता होती है, तो जनता उस पर ध्यान देगी। चेन्निथला ने श्रीलेखा पर अपनी टिप्पणियों के जरिए राहुल गांधी का अपमान करने का आरोप लगाया। चेन्निथला ने मांग की कि श्रीलेखा गांधी के खिलाफ अपनी टिप्पणी वापस लें और माफी मांगें। केरलम की पहली महिला आईपीएस अधिकारी श्रीलेखा, भाजपा में शामिल होने से पहले डीजीपी के पद से सेवानिवृत्त हुईं। वह वर्तमान में बतौर पार्षद तिरुवनंतपुरम निगम के सस्थामंगलम वार्ड का प्रतिनिधित्व करती हैं।

इस बीच, तिरुवनंतपुरम निगम में यूडीएफ संसदीय दल के नेता, के.एस. सबरीनाधन ने राहुल गांधी के बारे में श्रीलेखा की टिप्पणियों को लेकर उनके खिलाफ तिरुवनंतपुरम पुलिस आयुक्त के पास शिकायत दर्ज कराई है। उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन ने भी राहुल गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणियों को लेकर श्रीलेखा की आलोचना की। उन्होंने कहा, "संघ परिवार के नेतृत्व को खुश करने और मीडिया का ध्यान खींचने के लिए इस तरह की अभद्र नफरत फैलाना, उन्हें केवल हंसी का पात्र बनाएगा।"

जॉन ने श्रीलेखा की उस टिप्पणी की भी आलोचना की, जिसमे उन्होंने लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों के बचाव में गांधी के विरोध-प्रदर्शनों को "नशे के प्रभाव में किया गया तांडव" बताया था। उन्होंने सवाल किया, "खुद को (प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी की 'अंध भक्त' बताने वाली यह महिला, भगवान शिव के तांडव को नशे की वजह से पैदा हुई उन्मादी स्थिति से कैसे जोड़ सकती है?"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News