Meerut Metro Timing: होली पर सफर करने वालों के लिए खबर: मेट्रो-नमो भारत की टाइमिंग में बदलाव, यहाँ देखें शेड्यूल

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 04:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क: अगर आप दिल्ली से मेरठ रूट पर नमो भारत या मेट्रो से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो होली के दिन की टाइमिंग जान लेना जरूरी है। 4 मार्च 2026 (बुधवार) को होली के मौके पर सेवाओं के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। यह जानकारी नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एनसीआरटीसी) की ओर से जारी की गई एडवाइजरी में दी गई है।

होली के दिन क्या रहेगा खास शेड्यूल
एनसीआरटीसी के अनुसार, 4 मार्च को सुबह से शाम 5 बजे तक नमो भारत आरआरटीएस और मेरठ मेट्रो की सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। दोनों सेवाएं शाम 5:00 बजे से फिर शुरू होंगी और रात 10:00 बजे तक सामान्य रूप से चलेंगी। रंगों के त्योहार के दौरान भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सुबह की सेवाएं निलंबित करने का फैसला लिया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना शाम 5 बजे के बाद ही बनाएं।


सामान्य दिनों की नई समय-सारिणी
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब नमो भारत (दिल्ली–गाजियाबाद–मेरठ आरआरटीएस) और मेरठ मेट्रो सप्ताह के सभी दिन संचालित की जाएंगी। सोमवार से रविवार तक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। नई दैनिक टाइमिंग के अनुसार, दोनों सेवाएं सुबह 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक चलेंगी। रविवार को भी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।


हाल ही में हुआ कॉरिडोर का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 फरवरी को न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक 5 किलोमीटर और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर लंबे खंड का उद्घाटन किया था। सराय काले खां से मोदीपुरम तक कुल 15 स्टेशनों वाला पूरा कॉरिडोर अब चालू हो चुका है। इसके साथ ही मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक मेरठ मेट्रो सेवा भी शुरू हो गई है। 21 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में 12 स्टेशन बनाए गए हैं, जिनमें मेरठ साउथ, शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम इंटरचेंज जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।


तेज और आधुनिक यात्रा सुविधा
नमो भारत ट्रेनें 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से चल सकती हैं। आधुनिक तकनीक के कारण यह सेवा तेज, सुरक्षित और आरामदायक मानी जा रही है। करीब 100 किलोमीटर की दूरी को लगभग 45 से 50 मिनट में तय किया जा सकता है, जिससे दिल्ली से मेरठ के बीच सफर का समय काफी कम हो गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News