हमेशा के लिए खामोश हो गईं सुरों की मल्लिका Asha Bhosle, जानें कब और कहां होंगे अंतिम दर्शन? देखें पूरा शेड्यूल
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 09:39 AM (IST)
Asha Bhosle Funeral Update : भारतीय संगीत जगत के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। अपनी जादुई आवाज से दशकों तक करोड़ों दिलों पर राज करने वाली दिग्गज गायिका आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं। 92 वर्ष की आयु में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। आगे जानें उनके अंतिम दर्शन का राइट टाइम और अंतिम संस्कार की पूरी जानकारी।
निधन का कारण
अस्पताल के सूत्रों के अनुसार आशा जी को 11 अप्रैल को सीने में संक्रमण और अत्यधिक थकान की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने अथक प्रयास किए लेकिन मल्टी ऑर्गन फेलियर की वजह से उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके बेटे, आनंद भोसले ने इस अपूरणीय क्षति की पुष्टि की है।

अंतिम दर्शन और अंतिम यात्रा का कार्यक्रम
प्रशंसकों और चाहने वालों के लिए अंतिम दर्शन का समय निर्धारित कर दिया गया है:
अंतिम दर्शन: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक।
स्थान: उनका निवास स्थान, ‘प्रभु कुंज’, पेडर रोड, मुंबई।
अंतिम यात्रा: दोपहर 2:00 बजे प्रभु कुंज से शुरू होकर दादर के लिए प्रस्थान करेगी।
अंतिम संस्कार: शाम 4:00 बजे, शिवाजी पार्क श्मशान घाट, दादर में।

राजकीय सम्मान के साथ विदाई
महाराष्ट्र सरकार ने घोषणा की है कि संगीत जगत में उनके अतुलनीय योगदान को देखते हुए आशा भोसले का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान (State Honours) के साथ किया जाएगा। सुरक्षा के लिहाज से मुंबई पुलिस ने पेडर रोड और दादर के इलाकों में कड़े इंतजाम किए हैं।

बॉलीवुड में शोक की लहर
अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और सलमान खान समेत बॉलीवुड की तमाम बड़ी हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि अंतिम दर्शन के लिए फिल्म जगत के कई बड़े सितारे 'प्रभु कुंज' पहुंचेंगे।
