उपचुनाव के नतीजे वेक अप कॉल, हम होंगे फिर से कामयाबः वसुंधरा

punjabkesari.in Monday, Feb 05, 2018 - 10:10 AM (IST)

जयपुर: राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रदेश में उपचुनाव के नतीजों को उनके लिए वेक अप कॉल बताते हुए कहा है कि इन परिणामों से निराश होने की आवश्यकता नहीं है और हम मिलकर और अच्छा करेंगे तथा फिर से कामयाब होंगे। राजे आज विधानसभा की हां पक्ष लॉबी में भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के नतीजे हमारे लिए वेक अप कॉल है। हम समीक्षा कर रहे हैं कि इतना अधिक विकास करने के बावजूद यह स्थिति क्यों बनी। उन्होंने कहा कि इन परिणामों से निराश होने की आवश्यकता नहीं है। हम मिलकर और अच्छा करेंगे तथा फिर से कामयाब होंगे।

उन्होंने भाजपा विधायकों से कहा कि अपने विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को लोगों की जानकारी में लाएं और उन्हें बताएं कि उनकी सरकार ने पिछली सरकार के मुकाबले कितना अधिक काम किया है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि उपचुनाव में पार्टी की हार का विश्लेषण किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार ने विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी। संसदीय कार्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने एकजुट रहकर प्रतिपक्ष का मुकाबला करने की जरुरत बताते हुए कहा कि भाजपा वह पार्टी है जिसका कार्यकर्त्ता फर्श से अर्श तक का फासला अपनी मेहनत के बूते तय करके जीत का परचम फहरा देता है। सरकारी मुख्य सचेतक कालूलाल गुर्जर तथा सरकारी उप-मुख्य सचेतक मदन राठौड़ ने भी विधायक दल की बैठक को संबोधित किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News