गंगा में डूबने से सगे भाई-बहन की मौ'त, गांव में पसरा मातम

punjabkesari.in Sunday, Jun 21, 2026 - 10:11 PM (IST)

नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के कांवर गांव से एक बेहद दुखद और हृदय विदारक खबर सामने आई है। रविवार की सुबह गंगा स्नान के दौरान सगे भाई-बहन की डूबने से मृत्यु हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, कांवर गांव निवासी नंदकिशोर निषाद के 18 वर्षीय पुत्र शुभम निषाद और 10 वर्षीय पुत्री अनन्या शनिवार को वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित गंगापुर गांव में अपनी बुआ के घर घूमने गए थे। 

रविवार की सुबह दोनों भाई-बहन पास के गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में चले गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में गंगा तट पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए गंगा में छलांग लगाकर दोनों की तलाश शुरू की। 

काफी मशक्कत के बाद शुभम और अनन्या को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों की मृत्यु हो चुकी थी। जैसे ही इस दुखद घटना की सूचना कांवर गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। जब दोनों के शव गांव लाए गए तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। 

पिता नंदकिशोर निषाद, जो लखनऊ में निजी नौकरी करते हैं, मां सुनीता देवी, छोटी बहन और अन्य परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। बताया जाता है कि शुभम और अनन्या दोनों महड़ौरा स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ाई करते थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News