बॉक्सिंग कोच ने कमरे में बुला 17 साल की बॉक्सर के साथ की गंदी हरकत, मां का दावा- चार सालों से बेटी को कर रहा था परेशान
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 03:13 PM (IST)
नई दिल्ली: बेंगलुरु में एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाले मामला सामने आया। यहां 17 साल की एक नाबालिग बॉक्सर के साथ उसके ही कोच पर कमरे में बुलाकर आपत्तिजनक हरकत करने के आरोप लगे हैं। पीड़िता की मां ने दावा किया है कि आरोपी कोच पिछले करीब चार सालों से उसकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान कर रहा था।
दरअसल, बेंगलुरु के कांतीरवा स्टेडियम में लायंस बॉक्सिंग क्लब से जुड़े एक बॉक्सिंग कोच के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। यह मामला 17 साल की एक बॉक्सर द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद दर्ज किया गया है। यह शिकायत 22 मई को उस किशोरी ने अपनी मां के ज़रिए दर्ज कराई थी। यह छात्रा पिछले 10 सालों से लायंस बॉक्सिंग क्लब में ट्रेनिंग ले रही थी।
आरोपी की पहचान 50 साल के रामचंद्र के रूप में हुई है, जो उस लड़की का बॉक्सिंग कोच था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कोच पिछले चार सालों से उसकी बेटी को परेशान कर रहा था, और पिछले 5 से 6 महीनों में ये हरकतें और बढ़ गई थीं। FIR में कहा गया है कि रामचंद्र ने कथित तौर पर उस नाबालिग लड़की के साथ गलत तरह से नज़दीकी बढ़ाने की कोशिश की और कांतीरवा स्टेडियम में कई बार उसे गलत तरीके से छुआ।
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि 17 मई को चेन्नई में एक बॉक्सिंग प्रतियोगिता के दौरे के दौरान, कोच ने कथित तौर पर उस नाबालिग लड़की को अपने निजी कमरे में बुलाया, उसके निजी अंगों को छुआ, ज़बरदस्ती उसे चूमा और उसके साथ गलत व्यवहार किया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने लड़की को धमकी दी कि अगर उसने इन घटनाओं के बारे में अपने परिवार वालों को बताया तो वह उसे जान से मार देगा। वहीं अब पुलिस ने 'यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम' (POCSO Act) और 'भारतीय न्याय संहिता' (BNS), 2023 की संबंधित धाराओं के तहत यह मामला दर्ज कर लिया है।
