Blood Group Disease: इन ब्लड ग्रुप वालों को होता है बीमारी का सबसे ज्यादा खतरा! अध्ययन में हुआ खुलासा
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 08:55 PM (IST)
नेशनल डेस्कः रक्त समूह सिर्फ रक्तदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे स्वास्थ्य और शरीर की जैविक प्रक्रियाओं के बारे में अहम जानकारी दे सकता है। डॉक्टरों और शोधकर्ताओं का कहना है कि ब्लड ग्रुप शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली और विभिन्न रोगों के जोखिम को प्रभावित कर सकता है। हालांकि, यह जरूरी नहीं कि किसी विशेष ब्लड ग्रुप के व्यक्ति को कोई बीमारी निश्चित रूप से हो।
रक्त समूह A
ब्लड ग्रुप A वाले लोगों में जीवनशैली असंतुलित होने पर, जैसे धूम्रपान, जंक फूड या व्यायाम की कमी, हृदय रोग का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा कुछ अध्ययन यह भी बताते हैं कि इस समूह के लोगों में पेट और गैस्ट्रिक कैंसर से जुड़ी समस्याएं अधिक देखी जा सकती हैं। इसका कारण शरीर में कुछ प्रोटीन और रक्त के थक्के जमने की प्रक्रिया से जोड़ा जाता है।
रक्त समूह B
B ब्लड ग्रुप वाले लोगों में टाइप 2 डायबिटीज और कुछ ऑटोइम्यून रोगों का जोखिम अधिक पाया गया है। विशेषज्ञ सुझाव देते हैं कि इस समूह के लोगों को नियमित शुगर जांच और संतुलित आहार पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
रक्त समूह AB
AB ब्लड ग्रुप अपेक्षाकृत कम देखने को मिलता है। शोधों के अनुसार, इस समूह के लोग उम्र बढ़ने के साथ याददाश्त और संज्ञानात्मक क्षमताओं में कमी का सामना कर सकते हैं। हालांकि, मानसिक व्यायाम और संतुलित जीवनशैली से इन जोखिमों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
रक्त समूह O
ब्लड ग्रुप O को सामान्यतः सुरक्षित माना जाता है, लेकिन इसमें भी कुछ जोखिम मौजूद हैं। इस समूह के लोगों में पेप्टिक अल्सर और कुछ रक्त संबंधी समस्याओं की संभावना अधिक होती है। वहीं, हृदय रोग का खतरा अन्य समूहों की तुलना में कम पाया गया है, जो मुख्य रूप से जीवनशैली पर निर्भर करता है।
हार्ट अटैक और स्ट्रोक
रक्त समूह में मौजूद एंटीजन शरीर की प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया और रक्त के थक्के बनने की प्रक्रिया को प्रभावित करते हैं। उदाहरण के लिए, कुछ समूहों में वॉन विलेब्रांड फैक्टर का स्तर अधिक हो सकता है, जो खून को जल्दी जमाने में मदद करता है, लेकिन इसकी अधिकता हार्ट अटैक और स्ट्रोक के जोखिम को बढ़ा सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि ब्लड ग्रुप केवल संभावित स्वास्थ्य जोखिम का संकेत देता है। असली सुरक्षा उपायों में स्वस्थ आहार, नियमित व्यायाम, तनाव नियंत्रण और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच सबसे महत्वपूर्ण हैं।
