उपचुनाव में BJP की बल्ले-बल्ले, गुजरात, मध्य प्रदेश से लेकर उत्तर प्रदेश तक जीतीं 40 सीटें

punjabkesari.in Tuesday, Nov 10, 2020 - 08:26 PM (IST)

नेशनल डेस्कः मंगलवार का दिन भाजपा के लिए काफी शानदार रहा। बिहार विधानसभा चुनाव के अब तक रुझानों में एनडीए और महागठबंधन में कांटे की टक्कर बनी हुई है। वहीं, 11 राज्यों की 59 सीटों में से 40 सीट पर जीत हासिल की है और विरोधियों को एक बार फिर अपनी ताकत का अहसास कराया है।

किन-किन राज्यों में उपचुनाव हुए थे और वहां भाजपा का प्रदर्शन कैसा रहा?

11 राज्यों में हुए थे उपचुनाव
जानकारी के मुताबिक, देश के 11 राज्यों छत्तीसगढ़, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड, ओडिशा, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में 3 नवंबर को कुल 59 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए थे। इनमें छत्तीसगढ़-हरियाणा और तेलंगाना में एक-एक, झारखंड-कर्नाटक-नागालैंड और ओडिशा में दो-दो, मणिपुर में पांच, उत्तर प्रदेश में सात, गुजरात में आठ और मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर वोटिंग हुई थी।

भाजपा के खाते में कितनी सीटें?
आपको बता दें कि उपचुनाव की कुल 59 सीटों में से भाजपा ने 40 सीटों पर जीत दर्ज की है। पार्टी ने तेलंगाना में एक, कर्नाटक में दो, मणिपुर में चार, उत्तर प्रदेश में छह, गुजरात में आठ और मध्य प्रदेश में 19 सीटें अपनी झोली में डाली हैं। 59 विधानसभा सीटों में से 40 पर जीत हासिल करना भाजपा की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे पार्टी ने अपने विरोधियों को एक बार फिर अपनी ताकत का अंदाजा कराया है।

दूसरे दलों ने यहां मारी बाजी
अब हम आपको बताते हैं कि उपचुनाव की बाकी 19 विधानसभा सीटों पर किस-किस पार्टी ने जीत हासिल की। दरअसल, छत्तीसगढ़ और हरियाणा की एक-एक सीट पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया। झारखंड की दो सीटों में से एक सीट कांग्रेस की झोली में गई, जबकि दूसरी सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा ने जीती। नागालैंड की दो सीटों में से एक पर नेशनल डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी ने कब्जा जमाया, जबकि दूसरी सीट निर्दलीय प्रत्याशी ने जीती।

ओडिशा की दोनों सीटें बीजू जनता जनता ने अपनी झोली में डाली हैं। मणिपुर की चार सीटें तो भाजपा के खाते में गईं, जबकि एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी ने जीती। उत्तर प्रदेश की सात में से छह सीटें भाजपा ने जीती, जबकि एक सीट पर समाजवादी पार्टी ने अपना नाम लिखवाया। वहीं, मध्य प्रदेश की 28 में से 19 सीटें तो भाजपा ने जीतीं। बाकी नौ सीटों में से आठ कांग्रेस और एक बसपा के खाते में गई। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News