काले कपड़े पहन दिल्ली विधानसभा पहुंचे भाजपा विधायक, केजरीवाल से की इस्तीफे की मांग

punjabkesari.in Tuesday, Jan 17, 2023 - 09:13 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) नीत सरकार में कथित भ्रष्टाचार और घोटालों के विरोध में काले कपड़े और पगड़ी पहनी तथा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि पार्टी विधायकों ने ‘‘सदन में लोकतंत्र की हत्या पर दुख'' व्यक्त करने के लिए काले कपड़े पहने थे।

बिधूड़ी ने कहा कि अध्यक्ष ने विपक्षी दल के विधायकों को केजरीवाल नीत सरकार में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलने तक नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘केजरीवाल सरकार तानाशाही और मनमाना रवैया अपनाकर विपक्ष का गला घोंट रही है।'' उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा विधायकों ने भ्रष्टाचार के इस मुद्दे को नियमानुसार उठाने का अनुरोध किया था और यह एजेंडे में भी शामिल था, लेकिन अध्यक्ष ने हमें बोलने नहीं दिया।''

जपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि कक्षाओं के लिए कमरों के निर्माण, बसों की खरीद और शराब नीति में घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा, ‘‘कुल मिलाकर, केजरीवाल सरकार केवल भ्रष्टाचार कर रही है और मुख्यमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। हमने इस भ्रष्ट सरकार के खिलाफ विरोध जताने के लिए काले कपड़े पहने थे।'' भाजपा सदस्य अजय महावर ने बसों की खरीद, आबकारी नीति और दिल्ली जल बोर्ड की कार्यप्रणाली में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News