''भाजपा ने चुनावों को मजाक बना दिया'', MK स्टालिन बोले- जनता सत्ता से हटा देगी, क्योंकि उसने वोट चुराए

punjabkesari.in Wednesday, Aug 27, 2025 - 03:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर चुनावों को ‘‘मजाक'' बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोग उसे सत्ता से हटा देंगे, क्योंकि उसने ‘‘वोट चुराए' हैं।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) के नेता स्टालिन ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बिहार की मतदाता सूची से 65 लाख मतदाताओं के नाम हटाना ‘‘आतंकवाद से भी अधिक खतरनाक'' है।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए हाथ मिलाया है। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की हार होगी।''

राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग को बेनकाब कर दिया-  स्टालिन
भाजपा पर निर्वाचन चुनाव आयोग को अपनी ‘‘कठपुतली'' बनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग को बेनकाब कर दिया है, लेकिन निर्वाचन आयोग ने उनके आरोपों का जवाब नहीं दिया। आयोग ने उनसे हलफनामा दाखिल करने को कहा... राहुल गांधी डरेंगे नहीं।''

'लालू प्रसाद जी की धरती आंखों में आग लिए हुए मेरा स्वागत करती है'
इससे पहले, स्टालिन और द्रमुक सांसद कनिमोई मुजफ्फरपुर जिले में कांग्रेस की 'वोटर अधिकार यात्रा' में शामिल होने के लिए बिहार पहुंचे। यात्रा में शामिल होने के तुरंत बाद, स्टालिन ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘...बिहार...आदरणीय लालू प्रसाद जी की धरती आंखों में आग लिए हुए मेरा स्वागत करती है, हर चुराए हुए वोट से बोझिल धरती। मेरे भाई राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और बहन प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ 'वोटर अधिकार यात्रा' में शामिल हुआ, जो लोगों के दर्द को अजेय ताकत में बदल रही है।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News