BJP नेता ने प्रियंका गांधी को भेजा ट्रेन का टिकट, तंज कसते हुए कहा- राजस्थान में भी ‘लड़कियां हैं, लड़ नहीं पा रही'' हैं

punjabkesari.in Sunday, Mar 27, 2022 - 11:04 PM (IST)

नेशनल डेस्कः राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी ने कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में सत्तारूढ़ पार्टी के एक विधायक के बेटे सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उल्लेखनीय है कि राजगढ़ (अलवर) से कांग्रेस विधायक जौहरी लाल मीणा के बेटे दीपक मीणा और चार अन्य के खिलाफ दौसा जिले में 15 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, विधायक मीणा ने इस मामले को झूठा और बेबुनियाद बताया है।

सीकर से सांसद स्वामी सुमेधानंद ने कहा, “आरोपियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। भाजपा राज्य सरकार पर दबाव बनाने के लिए इस मुद्दे को उठाने जा रही है।” उन्होंने आरोप लगाया, “राजस्थान में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है। राज्य में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं, लेकिन सरकार को इसकी परवाह नहीं है।”

वहीं, भाजपा के प्रदेश सचिव जितेंद्र गोठवाल ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के नाम पर दिल्ली से जयपुर तक का रेल टिकट बुक कराते हुए उनसे जयपुर आने के लिए कहा है। गोठवाल ने ट्विटर पर टिकट की फोटो साझा करते हुए लिखा, “राजस्थान में कांग्रेस विधायक के बेटे ने एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया है। पीड़िता आपके विधायक के बाहुबल के आगे नहीं लड़ पा रही! प्रियंका गांधी जी, आपके लिए रेल टिकट भेज रहा हूं। तुरंत जयपुर आइए, क्योंकि राजस्थान में भी ‘लड़कियां हैं, लड़ नहीं पा रही' हैं!” उधर, एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

गोठवाल ने तंज कसते हुए लिखा- आप रणथंबौर में बाघों की अठखेलियां देखने तो बहुत आती हैं। इस बार जरा विधायक पुत्र की गीदड़-करतूत देखने भी आइए। प्रियंका जी, आपकी सहूलियत को देखते हुए कल यानी 28 मार्च की शताब्दी में विंडो सीट बुक की है। इससे पहले किए ट्वीट में जितेंद्र गोठवाल ने लिखा कि ये कुसंस्कार ही कांग्रेस के अंतिम संस्कार का कारण बनेंगे। एक तरफ कांग्रेस का मंत्री दुष्कर्मी को मर्द बताता है, दूसरी तरफ कांग्रेस के विधायक का बेटा दसवीं की छात्रा से दुष्कर्म करता है।

कांग्रेस विधायक जौहरी लाल मीणा के बेटे दीपक मीणा पर एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप करने, ब्लैकमेल कर 15 लाख रुपए ऐंठने के आरोप है। मामला दर्ज कर लिया गया है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने इस पर डीजीपी को पत्र लिखा है। भाजपा अध्यक्ष समेत तमाम भाजपा नेता इस पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। सदन में यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने राजस्थान में रेप के मामलों का जिक्र करते हुए प्रदेश को मर्दों का प्रदेश बताया था। प्रियंका गांधी ने यूपी के चुनावी कैंपेन में लड़की हूं, लड़ सकती हूं का नारा दिया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News