हिमाचल में आप के विस्तार से डरी बीजेपी, केजरीवाल बोले- ‘दागी' नेताओं को अपने पाले में लाने में जुटी भगवा दल

Saturday, Apr 09, 2022 - 06:45 PM (IST)

नेशनल डेस्क: अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हिमाचल प्रदेश में आप के विस्तार के डर से उसके पदाधिकारियों सहित ‘‘दागी'' नेताओं को अपने पाले में लाने का प्रयास कर रही है। आप की हिमाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अनूप केसरी, महासचिव (संगठन) सतीश ठाकुर और ऊना जिला प्रमुख इकबाल सिंह यहां भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। हालांकि, आप ने राज्य में अपने नेताओं के दलबदल पर यह कहकर तवज्जो नहीं देने की कोशिश की कि पार्टी इन नेताओं को बर्खास्त करने वाली थी। हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

आप के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने किसी का नाम लिए बिना एक ट्वीट में कहा कि पार्टी इन तीन नेताओं में से एक को महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप में बर्खास्त करने की तैयारी में है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को केजरीवाल जी का जबरदस्त खौफ है। भाजपा अध्यक्ष नड्डा और मुख्यमंत्री पद का चेहरा अनुराग ठाकुर दौड़ कर हिमाचल प्रदेश पहुंचे और रात 12 बजे आप के एक पदाधिकारी को शामिल करवाया। महिलाओं के खिलाफ गंदी हरकत के आरोप में आप इसे आज निकालने वाली थी। ऐसे लोगों की जगह भाजपा में ही है।'' सिसोदिया के ट्वीट का जवाब देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा उनसे नहीं बल्कि राज्य के लोगों से डरती है।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के ‘‘दागी'' पदाधिकारियों के दलबदल से आप की चुनावी संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘ये लोग मुझसे नहीं, जनता से डरते हैं। भाजपा वालों, अगर ईमानदारी से जनता के लिए काम किया होता तो इतना खौफ ना होता, मुख्यमंत्री बदलने की नौबत ना आती, दूसरी पार्टियों के दागियों के पांव पड़ने की जरूरत ना पड़ती। आप पर लोगों को भरोसा है। आप, हिमाचल प्रदेश को एक कट्टर ईमानदार और देशभक्त सरकार देगी।'' हिमाचल की 68 सदस्यीय राज्य विधानसभा में भाजपा के पास मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर सहित 43 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 22, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का एक और दो निर्दलीय विधायक हैं। 

 

 

rajesh kumar

Advertising