भाजपा बंगाल में दंगा भड़काने के प्रयास में: ममता बनर्जी

punjabkesari.in Monday, Jun 10, 2019 - 07:41 PM (IST)

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर जबरदस्त हमला बोलते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार बंगाल में दंगा भड़काने का प्रयास कर रही है तथा राज्य को गुजरात में तब्दील करना चाहती है। ममता बनर्जी ने राज्य सचिवालय नबन्ना में प्रशासनिक समीक्षा बैठक के बाद दावा किया कि राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति काफी अच्छी है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र फेसबुक और व्हाट्सअप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल राज्य में दंगा भड़काने के लिए कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा,‘फेसबुक फेक (फर्जी) बुक बन चुका है। वे सोशल मीडिया का इस्तेमाल बंगाल को बदनाम करने के लिए कर रहे हैं। कुछ घटनाएं हुई हैं जिन्हें हमने तुरंत नियंत्रण में कर लिया।'

उन्होंने केंद्र को चेतावनी देते हुए कहा कि लोकतंत्र बेचने की चीज नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश के अधिकांश लोकतांत्रिक संस्थानों पर कब्जा कर लिया है। तृणमूल प्रमुख ने कहा, ‘बंगाल में शांति कायम है। वे लोग (भाजपा वाले) लोगों को मार रहे हैं और यहां तक कि पुलिस को भी नहीं छोड़ा जा रहा है। मैं आपको चेतावनी देती हूं। बंगला का अपमान ना करें। हम इसकी इजाजत नहीं देंगे।' उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एजेंसियों का दुरूपयोग कर रही है तथा अपने राजनीतिक विरोधियों पर हमले के लिए धनबल का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि देश ऐसी राजनीति को नकार देगा और भाजपा का मुखौटा एक दिन जरूर उतरेगा। ममता बनर्जी ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि वह जेल भेजने की धमकी से घबराने वाली नहीं हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Related News