राहुल गांधी के आर्थिक बयान पर भाजपा का पलटवार, कहा- रेवंत रेड्डी ने खोल दी कांग्रेस नेता के झूठ की पोल
punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2026 - 09:15 PM (IST)
नई दिल्ली : भाजपा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने यह स्वीकार करके कांग्रेस नेता राहुल गांधी के "झूठ और भारत-विरोधी एजेंडे" को बेनकाब कर दिया है कि 2047 तक भारत 30 हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था और एक विकसित देश बन जाएगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान रेड्डी ने कहा, "आज, देश की कुल आबादी का 2.5 प्रतिशत हिस्सा होने के बावजूद, हम जीडीपी में पांच प्रतिशत का योगदान दे रहे हैं। हम 2047 तक इसे 10 प्रतिशत तक पहुंचाना चाहते हैं।" उन्होंने कहा, "गडकरी जी, मेरा दृढ़ विश्वास है कि राष्ट्रीय हित, राष्ट्रीय सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और लोगों के कल्याण जैसे मुद्दों में कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। जब समय आएगा, तब हम चुनाव लड़ेंगे। लेकिन बाकी समय, आइए हम भारत के विकास पर ध्यान दें।" उन्होंने कहा, "मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि तेलंगाना राष्ट्रीय विकास में योगदान दे। अब केंद्र को भी मेरे राज्य के विकास में सहयोग देना होगा।"
रेड्डी की टिप्पणियों को आधार बनाते हुए, भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भारतीय अर्थव्यवस्था के बारे में गांधी की हालिया टिप्पणियों के लिए उनकी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि गांधी की अपनी ही पार्टी के एक नेता, जो तेलंगाना के मुख्यमंत्री भी हैं, ने उनके "झूठ" की पोल खोल दी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए भंडारी ने कहा, "तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने स्वीकार किया है कि 2047 तक भारत 30 हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था और एक विकसित देश बन जाएगा। इसका मतलब है कि कांग्रेस के अपने नेता भी मानते हैं कि कोई आर्थिक आपदा नहीं है। 2047 तक भारत 'विकसित भारत' बन रहा है।"
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया, "ऐसे समय में जब राहुल गांधी भारतीय अर्थव्यवस्था को एक आपदा बताते हैं और भारतीय लोकतंत्र पर सवाल उठाते हैं, उनकी अपनी ही पार्टी के एक नेता और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने उनके भारत-विरोधी, भारतीय लोकतंत्र-विरोधी और भारतीय अर्थव्यवस्था-विरोधी एजेंडे को उजागर कर दिया है।" भंडारी ने यह भी पूछा कि क्या रेड्डी के इस दावे के बाद कि 2047 तक भारत 30 हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था और एक विकसित देश बन जाएगा, गांधी अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगेंगे। गांधी ने मंगलवार को न्यूयॉर्क में कहा कि भारत एक "आर्थिक आपदा" के कगार पर है और यहां बेरोजगारी की भारी समस्या है। उन्होंने चुनावी "धांधली" का मुद्दा भी उठाया, जिस पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन पर विदेशी धरती पर देश की छवि खराब करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
कोलंबिया विश्वविद्यालय में एक अनौपचारिक चर्चा (फायरसाइड चैट) के दौरान, कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत के आर्थिक मॉडल ने "लगभग एक दशक पहले ही नतीजे देना बंद कर दिया था"। उन्होंने 'मेक इन इंडिया' और 'स्टार्ट-अप इंडिया' जैसी सरकारी पहलों की आलोचना करते हुए दावा किया कि ये देश की "टूटी हुई" आर्थिक रीढ़ को फिर से मजबूत करने में विफल रही हैं। उन्होंने कहा था, "सीधी बात यह है कि भारत एक आर्थिक आपदा के मुहाने पर खड़ा है। यही हकीकत है। कोई चाहे तो इसे नजरअंदाज कर सकता है, मीडिया भी इसे नजरअंदाज कर सकता है।"
