दिल्ली में तीसरी बार BJP क्लीन स्वीप की ओर, नहीं काम आई केजरीवाल की अपील

punjabkesari.in Tuesday, Jun 04, 2024 - 02:43 PM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीट के रूझान में भाजपा उम्मीदवारों के बढ़त बनाने पर यहां पार्टी मुख्यालय में जश्न का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शंख और ढोल बजाकर जश्न मनाया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए। चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीट पर भाजपा आगे है। उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर मनोज तिवारी 79,000 से अधिक मतों के अंतर से आगे हैं। खुशी से झूमते हुए पार्टी समर्थकों ने प्रधानमंत्री मोदी की एक बड़ी तस्वीर लगाकर पूजा का आयोजन किया।

आयोग के आंकड़ों के अनुसार चांदनी चौक सीट पर भाजपा के प्रवीण खंडेलवाल शुरू में कांग्रेस के जय प्रकाश अग्रवाल से पीछे थे, लेकिन बाद में उन्होंने 19,120 से अधिक मतों की बढ़त हासिल कर ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली से भाजपा के उम्मीदवार मनोज तिवारी कांग्रेस के कन्हैया कुमार 79,071 मतों से आगे हैं। पश्चिम दिल्ली से भाजपा के उम्मीदवार कमलजीत सहरावत ‘आप' के महाबल मिश्रा से 69,296 मतों से आगे हैं, जबकि उत्तर पश्चिमी दिल्ली से भाजपा के उम्मीदवार योगेंद्र चंदोलिया 1,05,266 मतों से आगे हैं।

 पूर्वी दिल्ली सीट पर ‘आप' के कुलदीप कुमार भाजपा के हर्ष मल्होत्रा ​​से 14,134 मतों से पीछे हैं। दक्षिण दिल्ली से भाजपा के रामवीर सिंह बिधूड़ी ‘आप' के सही राम पहलवान से 63,675 मतों से आगे चल रहे हैं, जबकि नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा की बांसुरी स्वराज 27,136 मतों से आगे हैं। राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा का सीधा मुकाबला कांग्रेस-आप गठबंधन से है। भाजपा ने 2014 और 2019 के आम चुनाव में दिल्ली की सभी सात सीट पर जीत हासिल की थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News