छत्तीसगढ़: नक्सल प्रभावित बस्तर सीट पर BJP को कांग्रेस से मिल रही कड़ी चुनौती

punjabkesari.in Tuesday, Apr 09, 2019 - 02:14 PM (IST)

 

जगदलपुर: छत्तीसगढ़ की आदिवासी बाहुल घुर नक्सल प्रभावित बस्तर लोकसभा सीट पर एक उपचुनाव सहित पिछले चुनावों से लगातार काबिज भाजपा को इस बार राज्य की सत्तारूढ़ कांग्रेस से कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ रहा है। इस बार उसकी राह यहां आसान नहीं दिख रही है। लोकसभा चुनावों के पहले चरण में 11 अप्रैल को इस सीट पर मतदान होगा। इस सीट पर बसपा एवं कम्युनिस्ट पार्टी समेत कुल सात उम्मीदवार चुनाव मैदान में है, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा के बैदूराम कश्यप एवं कांग्रेस के दीपक बैज के बीच ही है। कांग्रेस उम्मीदवार दीपक बैज इस संसदीय सीट के अन्तर्गत आने वाली चित्रकोट विधानसभा सीट से विधायक है जबकि भाजपा उम्मीदवार कश्यप पूर्व विधायक है। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित इस सीट पर 1998 से पांच आम चुनाव एवं एक उप चुनाव में भाजपा जीत का परचम लहराती रही है।

लगातार चार बार इस सीट पर भाजपा के स्वं बलीराम कश्यप चुनाव जीते थे। 2011 में उनके निधन के बाद हुए उप चुनाव में उनके पुत्र दिनेश कश्यप भाजपा के टिकट पर निर्वाचित हुए। उन्होने फिर 2014 के चुनाव में भी जीत दर्ज की। लेकिन इस बार पार्टी ने उन्हें टिकट नही दी और बैदूराम कश्यप को उम्मीदवार बना दिया। इस सीट पर लगातार चुनाव जीतती रही भाजपा के लिए राज्य में विधानसभा चुनावों के बाद बदले राजनीतिक परिदृश्य में कड़े मुकाबले का सामना करना पड़ रहा है। इस सीट के तहत आने वाली आठ विधानसभा सीटों में से सात पर कांग्रेस का कब्जा है जबकि एक मात्र दंतेवाड़ा सीट ही भाजपा के कब्जे में है। कांग्रेस प्रत्याशी बैज की छवि बेहतर है और वह दूसरी बार विधायक चुने गए है जबकि भाजपा प्रत्य़ाशी कश्यप 2013 के विधानसभा चुनावों में उनसे शिकस्त खा चुके हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News