BJP का राहुल गांधी पर सीधा हमला, कहा- अपनी पार्टी को ही नहीं है राहुल पर भरोसा
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 05:03 PM (IST)
नेशनल डेस्क: BJP ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह एक ''असफल वंशवादी'' हैं क्योंकि न तो उनकी अपनी पार्टी के नेताओं को और न ही उनके सहयोगियों को उन पर कोई भरोसा है। भाजपा ने यह हमला ऐसे वक्त किया है जब कांग्रेस की असम इकाई के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोरा ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपना इस्तीफा भेजते हुए आरोप लगाया कि पार्टी नेतृत्व द्वारा उन्हें ''नज़रअंदाज़" किया जा रहा है और प्रदेश इकाई में उन्हें उचित स्थान नहीं दिया जा रहा है। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने 'एक्स' पर लिखा, "राहुल गांधी पर नहीं है भरोसा।"
<
No Confidence in Rahul Gandhi
— Shehzad Jai Hind (Modi Ka Parivar) (@Shehzad_Ind) February 16, 2026
See these three developments today
1) TMC says Rahul Hatao, Mamata Lao, INDI alliance Bachao
2) Former Cong leader and chief of Assam Bhupen Bora quits
3) Mani Aiyyar says Congress will lose Kerala and Vijayan will win
Is more proof needed… pic.twitter.com/aOLUFheYub
>
पूनावाला ने कहा, ''तृणमूल कांग्रेस कहती है राहुल को हटाओ, ममता को लाओ, 'इंडी-गठबंधन' को बचाओ। असम के कांग्रेस नेता भूपेन बोरा ने इस्तीफा दिया। मणि (शंकर) अय्यर कहते हैं कि कांग्रेस केरल हारेगी और विजयन जीतेंगे।" भाजपा नेता ने सवाल किया कि क्या यह समझने के लिए और सबूतों की जरूरत है कि न तो गांधी की अपनी पार्टी के नेता और न ही उनके सहयोगी उन्हें गंभीरता से लेते हैं। पूनावाला ने कहा, ''राहुल के पास न तो जनमत है और न ही संगत... राहुल एक असफल विशेषाधिकार प्राप्त वंशवादी हैं।" रविवार को कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा था कि उन्हें विश्वास है कि केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन अपने पद पर बने रहेंगे। अय्यर की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रियाएं आईं।
कांग्रेस ने उनकी टिप्पणियों से खुद को अलग करते हुए कहा कि अय्यर का पिछले कुछ वर्षों से पार्टी से कोई संबंध नहीं है और वह पूरी तरह से निजी रूप से बोलते और लिखते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने 'एक्स' पर लिखा, ''कांग्रेस नेताओं द्वारा राहुल गांधी को पूरी तरह से खारिज कर दिया गया है। राहुल गांधी को कांग्रेस के कट्टर वफादार मणिशंकर अय्यर ने खुलेआम नकार दिया।'' भंडारी ने कहा, ''अय्यर हों या तृणमूल कांग्रेस या भूपेन बोरा; सब जानते हैं। राहुल गांधी राजनीतिक 'पप्पू' हैं। कांग्रेस में अपना पूरा जीवन बिताने वाले वफादार अब खुलेआम राहुल गांधी के खिलाफ बोल रहे हैं।''
