अस्पताल के एक्स-रे रूम का कथित अश्लील वीडियो वायरल, जांच के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 11:22 AM (IST)
Rajapakar-CHC: बिहार के वैशाली जिले के राजापाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं कि अस्पताल के एक्स-रे रूम में एक महिला के साथ स्वास्थ्य केंद्र के एक कर्मचारी ने कथित रूप से यौनशोषण किया। हालांकि, अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, एक महिला अपनी सास का X-Ray कराने के लिए राजापाकर CHC पहुंची थी। आरोप है कि X-Ray के लिए उससे पैसे की मांग की गई। लेकिन महिला ने जब पैसे देने में असमर्थ जताई तो इसके बाद आरोप लगाया गया कि उसकी मजबूरी का फायदा उठाते हुए एक्स-रे कक्ष में मौजूद शख्स ने उसके साथ यौनशोषण किया गया।
वहीं घटना से जुड़ा एक कथित वीडियो जब सामने आया तो सरकारी अस्पतालों में व्यवस्था, कर्मचारियों की निगरानी और मरीजों से जुड़े मामलों को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने अस्पताल में कथित अनियमितताओं और अवैध वसूली की शिकायतों पर भी सवाल उठाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वैशाली के सिविल सर्जन ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि अभी यह साफ नहीं है कि वायरल वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया, उसमें दिख रहे लोग कौन हैं और क्या यह वीडियो वास्तव में राजापाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संबंधित है या नहीं।
तथ्यों की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित कर अस्पताल भेजी गई है। टीम वीडियो की सत्यता, घटना की जगह, समय और इसमें शामिल लोगों की पहचान सहित सभी पहलुओं की जांच करेगी। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
