बिहार में पकड़ौआ शादी का सनसनीखेज मामला, वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप

punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 10:43 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बिहार के खगड़िया जिले से पकड़ौआ विवाह का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर इस कुप्रथा को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। परबत्ता थाना क्षेत्र के डुमरिया खुर्द गांव के रहने वाले 28 वर्षीय युवक मन्नयम कुमार ने आरोप लगाया है कि उसे धोखे से बुलाकर अगवा किया गया और हथियार के बल पर जबरन शादी करा दी गई। इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गाय दिखाने के बहाने फंसाया, फिर हुआ खेल

पीड़ित युवक का कहना है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उसे गाय दिखाने/खरीदने के बहाने बुलाया। इसके बाद उसे अलग-अलग गांवों में घुमाया गया और अंत में सिराजपुर ले जाया गया। वहां मोबाइल चार्ज कराने के बहाने उसका फोन ले लिया गया। जब युवक ने घर लौटने की बात कही तो 3–4 लोगों ने उसे घेर लिया। युवक का आरोप है कि पिस्टल दिखाकर शादी के लिए दबाव बनाया गया, विरोध करने पर बेरहमी से पिटाई की गई और आखिरकार रात करीब 11 बजे जबरन शादी करा दी गई।

 वायरल वीडियो में दिखा जबरन विवाह का दावा

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक हाफ पैंट में, बिना किसी पारंपरिक दूल्हे की वेशभूषा के नजर आ रहा है। वह रस्मों का विरोध करता दिखता है, जबकि आसपास मौजूद महिलाएं पारंपरिक शादी गीत गा रही हैं। वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

 पुलिस ने छुड़ाया, केस दर्ज

घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को लड़की के घर से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पीड़ित ने परबत्ता थाने में नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर वायरल वीडियो को सबूत मानते हुए जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं।

 लड़की पक्ष का पलटवार – “सब कुछ सहमति से हुआ”

वहीं दूसरी ओर, कुंदन कुमारी ने युवक के सभी आरोपों को नकार दिया है। उनका कहना है कि यह कोई पकड़ौआ शादी नहीं, बल्कि आपसी रजामंदी से हुआ विवाह है। लड़की का दावा है कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे, फोन पर बातचीत होती थी और युवक उनके घर आता-जाता था।

जांच के बाद खुलेगा सच

यह मामला बिहार में पकड़ौआ विवाह की गंभीर समस्या को फिर से उजागर करता है। अब पुलिस जांच और सबूतों के आधार पर ही यह साफ होगा कि मामला जबरन शादी का है या आपसी सहमति का।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News