तेजस्वी और तेज प्रताप को बर्खास्त करें नीतीशः भाजपा

punjabkesari.in Thursday, Jul 06, 2017 - 05:17 PM (IST)

समस्तीपुरः बिहार भाजपा ने नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल राज्य के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव को बर्खास्त करने की मांग की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद नित्यानंद राय ने आज आरोप लगाया कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के परिवार ने गैरकानूनी ढंग से करोड़ों रुपए की बेनामी संपत्ति अर्जित की है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बेनामी संपत्ति पर कठोर कदम उठाने की मांग करते है वहीं उनके ही मंत्रिमंडल के दो-दो मंत्री भ्रष्टाचार मे डूबे हैं। राय ने आरोप लगाया कि राजद अध्यक्ष ने रेल मंत्री रहते हुए अपनी पत्नी राबड़ी देवी, दोनों पुत्रों तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव के नाम से करोड़ों की बेनामी संपत्ति अर्जित की। 

'भाजपा को उखाड़ फेंकना अासान नहीं'
उन्होंने मुख्यमंत्री से दोहरी नीति छोड़ कर गैर कानूनी तरीके से संपत्ति अर्जित करने वाले उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव को मंत्रिमंडल से जल्द बर्खास्त करने की मांग की। राय ने राजद अध्यक्ष के बिहार से भाजपा को उखाड़ फेंकने के बयान पर कहा कि भाजपा को उखाड़ फेंकना लालू के बूते से बाहर की बात है। उन्होंने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि बिहार में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई है जिसके कारण बिहारवासी दहशत की जिंदगी जीने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं होने के कारण आज युवा और मजदूर पलायन कर रहे हैं। उन्होंने रोजगार सृजन करने में मोदी सरकार के प्रयासों की चर्चा करते हुए कहा कि बिहार के करीब 12 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मुद्रा बैंक समेत अन्य बैंकों से ऋण दिये गए है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News