गुजरात में कांग्रेस को बड़ा झटका, सिटिंग MLA ने दिया इस्तीफा, BJP में हो सकते हैं शामिल

punjabkesari.in Monday, Mar 04, 2024 - 07:16 PM (IST)

नेशनल डेस्कः गुजरात में कांग्रेस को लोकसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस विधायक अर्जुन मोढवाडिया ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक, वह बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा कुछ दिनों बाद गुजरात पहुंचने वाली है। अर्जुन मोढवाडिया आगामी लोकसभा चुनाव के साथ होने वाले विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ेंगे।

मोढवाडिया ने अपने इस्तीफे के पीछे कांग्रेस द्वारा राम मंदिर का न्योता ठुकराए जाना बताया है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना इस्तीफा भेज दिया है। इसमें उन्होंने राम मंदिर के न्योते को ठुकराने की बात का उल्लेख किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने न्योता ठुकराकर भगवान राम का अपमान किया है। राहुल गांधी ने असम में जिस तरह से व्यवहार किया, उससे भारत की जनता का अपमान हुआ।

बता दें कि इसी साल जनवरी में भी कांग्रेस के एक सीनियर विधायक ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। तब सीजे चावड़ा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। चावड़ा वीजापुर सीट से विधायक थे। उनसे पहले खंभात सीट से विधायक चिराग पटेल ने कांग्रेस छोड़ी थी। सीजे चावड़ा 2019 के लोकसभा चुनाव में अमित शाह के खिलाफ गांधीनगर सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। सीजे चावड़ा को पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह बाघेला का करीबी भी माना जाता है। कांग्रेस ने 17 सीटें जीती थीं, लेकिन अब तीन विधायकों के इस्तीफे के बाद राज्य में पार्टी के 14 विधायक रह गए हैं।

महाराष्ट्र में भी कई नेता छोड़ चुके पार्टी
महाराष्ट्र में भी कांग्रेस को कई झटके लग चुके हैं। कारण, पार्टी के कई दिग्गज नेता इस्तीफा देकर बीजेपी का दाम थाम चुके हैं। इनमें प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बसवराज पाटिल और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा असम कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ और प्रमुख नेताओं में से एक राणा गोस्वामी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। 

वहीं बंगाल में भी कांग्रेस को तगड़ा झटका लग चुका है। कारण, कभी बंगाल में दीदी के विरोध में सिर मुंडवाने वाले कौस्तव बागची ने लोकसभा चुनाव से ऐन पहले पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को तीन पन्नों का इस्तीफा भेजा था। इसमें उन्होंने पार्टी पर सवाल उठाए थे और कहा कि पार्टी में उचित सम्मान नहीं मिला। उन्होंने टीएमसी के साथ गठबंधन करने का भी विरोध किया है। 

बिहार के कद्दावर नेता थाम चुके बीजेपी का दामन
इसी तरह बिहार में भी मंगलवार को पार्टी के दो विधायकों ने इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस विधायक मुरारी गौतम और सिद्धार्थ सौरव इस्तीफा देकर एनडीए में शामिल हो गए। इनके साथ आरजेडी की विधायक संगीता देवी ने भी पाला बदलकर एनडीए का दामन थाम लिया था। बिहार की एनडीए सरकार में डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने तीनों को पार्टी में शामिल कराया। मुरारी गौतम पूर्व की महागठबंधन सरकार में मंत्री रहे हैं और चेनारी विधानसभा से विधायक हैं। वहीं सिद्धार्थ सौरव बिक्रम विधानसभा से विधायक हैं, जबकि राष्ट्रीय जनता दल की विधायक संगीता देवी मोहनिया से विधायक हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News