‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का मुंबई में समापन, गरीब महिलाओं के लिए राहुल गांधी ने किया यह बड़ा ऐलान

punjabkesari.in Saturday, Mar 16, 2024 - 10:16 PM (IST)

मुंबईः कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य मुंबई में डॉ. बी आर आम्बेडकर के स्मारक चैत्यभूमि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करके तथा संविधान की प्रस्तावना पढ़कर अपनी 63-दिवसीय ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का समापन किया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के साथ उनकी बहन एवं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी थीं। उन्होंने डॉ. आम्बेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की और संविधान की प्रस्तावना पढ़ी। 

इससे पहले, धारावी क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने जातिगत जनगणना के कांग्रेस के वादे को दोहराया और कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो गरीब महिलाओं को उनके बैंक खातों में हर साल एक लाख रुपए मिलेंगे। 

उन्होंने अडाणी समूह को दी गई धारावी के पुनर्विकास से संबंधित परियोजना का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘धारावी आपकी है और आपकी ही रहनी चाहिए। आपके कौशल का सम्मान किया जाना चाहिए और इस स्थान को देश का विनिर्माण केंद्र बनना चाहिए।'' मणिपुर से 14 जनवरी को शुरू हुई यह यात्रा शनिवार को 63वें दिन पड़ोसी ठाणे से मुंबई में प्रवेश कर गई। 

गांधी रविवार सुबह मुंबई में मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक 'न्याय संकल्प पदयात्रा' करेंगे। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' रविवार को शक्ति प्रदर्शन के लिए एक रैली आयोजित करेगा। इस कार्यक्रम में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव हिस्सा लेने वाले हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News