बेंगलुरु में कचरा बीनने वाले व्यक्ति के हाथ-पैर बांधकर लगाई गई आग, जांच जारी
punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 04:01 PM (IST)
बेंगलुरु (भाषा) बेंगलुरु में बुधवार सुबह 45 वर्षीय एक कचरा बीनने वाला व्यक्ति सड़क किनारे झुलसी हुई हालत में मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। पीड़ित की पहचान सैयद एच. के रूप में हुई है। यह घटना गिरिनगर पुलिस थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने सुबह करीब छह बजे उसे सड़क किनारे पड़ा देखा। उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुरुआती जानकारी के हवाले से बताया कि संदेह है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। सड़क किनारे उसे इस हालत में देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उसे तत्काल इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि व्यक्ति का कोई ज्ञात परिजन या रिश्तेदार नहीं है और वह सड़कों के किनारे घूमता रहता था। अधिकारी ने कहा, ''उसके पास न घर है, न फोन और न ही पहचान पत्र। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह कई साल तक पदरायनपुरा इलाके में रहा था।'' पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मामले की जांच जारी है।
