बंगाल में ISI का संदिग्ध जासूस गिरफ्तार: भारत-बांग्लादेश सीमा से पकड़ा गया पाकिस्तानी नागरिक
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 03:22 PM (IST)
कोलकाता : पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) को भारत-बांग्लादेश सीमा के पास एक बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव से एक संदिग्ध पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है जिसके पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से संबंध होने का गहरा संदेह है। वहीं, कोलकाता के टोपसिया इलाके से उसके एक सहयोगी को भी हिरासत में लिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान के फैसलाबाद निवासी राणा रऊफ उर्फ वहाब आलम को उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने बनगांव इलाके में तलाश अभियान चलाया और रऊफ को गिरफ्तार कर लिया। जांचकर्ताओं के अनुसार, रऊफ के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध हो सकते हैं।
वे भारत में रऊफ की गतिविधियों, संपर्कों और आवाजाही की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार देर रात टोपसिया से एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था, जिसका कथित तौर पर रऊफ के साथ संबंध है। उसकी पहचान उजागर नहीं की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, उसने रऊफ की कई तरह से मदद की थी। जांचकर्ताओं के अनुसार, रऊफ 2012 में नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था।
यह भी पढ़ें: Ebola virus Alert: इस देश में इबोला वायरस ने मचाया तांडव, मरने वालों की संख्या 2,000 के पार
एक अधिकारी ने बताया, भारत में प्रवेश करने और बाद में पश्चिम बंगाल में बसने से पहले वह कुछ समय तक नेपाल में रहा था। अधिकारियों के अनुसार, रऊफ देश में विभिन्न ट्रेनों और सशस्त्र बलों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। एसटीएफ के एक अधिकारी ने कहा, हम यह पता लगाने की भी कोशिश कर रहे हैं कि वह किस तरह की जानकारी जुटा रहा था और क्या वह जानकारी देश के बाहर किसी को भेजी जा रही थी।
उन्होंने कहा, टोपसिया से गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है ताकि रऊफ के साथ उसके संबंधों की गहराई का पता लगाने के साथ ही इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का भी पता लगाया जा सके।
