एयर इंडिया की फलाइट में जाम हुए टॉयलेट, 10 घंटे हवा में परेशान रहे 300 यात्री...दिल्ली आ रहा विमान लौटा शिकागो

punjabkesari.in Tuesday, Mar 11, 2025 - 12:54 PM (IST)

नेशनल डेस्क: अमरीका के शिकागो से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की उड़ान को एक अजीब कारण से वापस लौटना पड़ा। विमान के 12 में से आठ टॉयलेट जाम हो गए थे, जिससे विमान में सवार यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह घटना गत गुरुवार की है, जब एयर इंडिया की एआइ126 उड़ान शिकागो से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान लगभग साढ़े चार घंटे का सफर तय कर ग्रीनलैंड के ऊपर पहुंची थी, तभी यह पता चला कि विमान के अधिकांश शौचालय काम नहीं कर रहे हैं। केवल बिजनेस क्लास का एक टॉयलेट उपयोग योग्य था। इसके बाद चालक दल ने विमान को वापस शिकागो लौटाने का निर्णय लिया।

इस दौरान विमान में करीब 300 यात्री सवार थे और उन्हें हवा में 10 घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। विमान के वापस लौटने के बाद शिकागो एयरपोर्ट पर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई या किराया वापस किया गया। इस घटना का कुछ यात्रियों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया।

वहीं, बीते सोमवार को सुबह मुंबई से न्यूयॉर्क के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को बम की धमकी मिलने के बाद वापस मुंबई लौटना पड़ा। यह फ्लाइट 320 से अधिक यात्रियों को लेकर जा रही थी और विमान ने सुरक्षित रूप से मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड किया। एयर इंडिया ने इस घटना पर बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि "आज 10 मार्च 2025 को मुंबई-न्यूयॉर्क (जेएफके) की उड़ान Ai119 में उड़ान के दौरान संभावित सुरक्षा खतरे का पता चला। सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को सुरक्षित रूप से मुंबई वापस लाया गया, ताकि सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News