बंगला साहिब प्रवेश विवाद: गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने 'आप' नेताओं के खिलाफ पुलिस में की शिकायत, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप

punjabkesari.in Sunday, Oct 11, 2026 - 11:53 PM (IST)

नई दिल्लीः दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी(डीएसजीएमसी) ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान बंगला साहिब गुरुद्वारे में कथित रूप से हंगामा करने और घटना के भ्रामक वीडियो फैलाने के आरोप में रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी नेताओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शनिवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी गुरुद्वारा परिसर में जमा हो गए थे। वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, पुलिस ने उनकी कोशिशों को नाकाम कर दिया और उन्हें हिरासत में ले लिया।

डीएसजीएमसी की शिकायत में आरोप लगाया गया कि 'आप' से जुड़े कार्यकर्ता और समर्थक गुरुद्वारे के परिसर में घुस गए और वहां प्रदर्शन करने लगे, जिससे अफरा-तफरी और व्यवधान उत्पन्न हुआ। कमेटी ने आरोप लगाया कि इस तरह उन्होंने गुरु घर की पवित्रता का इस्तेमाल राजनीतिक गतिविधियों के लिए करने की कोशिश की।

शिकायत में कहा गया, ''प्रदर्शनकारियों ने पवित्र परिसर के अंदर राजनीतिक नारे भी लगाए। इससे धार्मिक माहौल खराब हुआ और गुरु घर की मर्यादा का उल्लंघन हुआ। परिसर में इस तरह की जानबूझकर की गई राजनीतिक गतिविधि से सिख संगत की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।''

इसमें यह भी कहा गया कि 'आप' के नेताओं और विधायकों ने सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो प्रसारित किए, जिनमें घटना को गलत तरीके से दिखाया गया और इसके लिए गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को जिम्मेदार ठहराया गया। शिकायत में कहा गया कि अरविंद केजरीवाल ने भी सार्वजनिक रूप से इस बात का समर्थन किया और इस तरह के दावों का समर्थन किया। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News