Assam Election 2026 Voting: असम में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू

punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 07:23 AM (IST)

गुवाहाटी: असम विधानसभा की 126 सीटों के लिए गुरुवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया और शाम पांच बजे तक होगा। राज्य के सभी मतदान केन्द्रों में सुबह से मतदाता अपने मताधिकार को इस्तेमाल करने के लिए पहुंचने शुरू हो गये हैं। चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किये हैं और मतदान-केंद्रों पर चुनाव अधिकारी मतदाताओं का स्वागत कर रहे हैं। 

आयोग ने इस बार 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के लिए घर पर मतदान करने की सुविधा प्रदान की है तथा उनके लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गयी है। असम की सभी 126 सीटों के लिए कुल 722 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में 2.50 से अधिक मतदाताओं के लिए कुल 28,205 मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं। कुल मतदाताओं में 1.25 करोड़ पुरुष, 1.25 करोड़ महिलाएं और 343 उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं। 

विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच है। चुनावी मैदान में उतरे प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई, विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया, अखिल भारतीय संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (AIUDF) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, रायजोर दल के नेता अखिल गोगोई और असम जातीय परिषद अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई हैं। मतदाता आज सभी उम्मीदवारों के चुनावी किस्मत का फैसला अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में बंद कर देंगे। मतगणना चार मई को होगी और उसी दिन परिणाम आ जायेंगे।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News