Election Commission ने बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद जारी किए नए दिशानिर्देश
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 10:55 AM (IST)
नेशनल डेस्क: निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद नए दिशा निर्देश जारी किए हैं, जिसमें मतदान समाप्त होने के बाद निगरानी कैमरों और वीडियो डेटा के प्रबंधन के लिए सख्त प्रोटोकॉल तय किए गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को जारी नए दिशानिर्देशों के अनुसार, मतदान केंद्रों पर लगे कैमरों में उपयोग किए गए एसडी कार्ड मतदान समाप्त होते ही तुरंत नहीं निकाले जा सकेंगे। संबंधित अधिकारियों को केवल कैमरे उतारने की अनुमति होगी, जिसके बाद कैमरे सेक्टर अधिकारी की निगरानी में रहेंगे। उन्होंने कहा, ''एसडी कार्ड केवल निर्धारित डेटा संग्रहण और 'रिसीविंग सेंटर' पर सहायक निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में ही निकाले जा सकेंगे।"
चुनाव अधिकारी ने कहा कि मतदान के दौरान रिकॉर्ड की गई सभी वीडियो फुटेज को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संरक्षित किया जाना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा, ''जब तक कैमरा उपकरण पूरी तरह नहीं उतार लिया जाता, तब तक मतदान दल का कोई सदस्य या बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) मतदान केंद्र नहीं छोड़ सकता।'' इस बीच, अधिकारी ने बताया कि दूसरे चरण के मतदान के लिए वेबकास्टिंग का परीक्षण शुक्रवार सुबह शुरू होगा। उन्होंने कहा, "यह अभ्यास तीन चरणों में कराया जाएगा।" पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए पहले चरण का मतदान बृहस्पतिवार को हुआ, जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। मतगणना चार मई को की जाएगी।
