तीसरी बार राजस्थान के सीएम बने अशोक गहलोत, इंदिरा गांधी के समय से राजनीति में सक्रिय

punjabkesari.in Monday, Dec 17, 2018 - 04:50 PM (IST)

जयपुर: राजस्थान में अशोक गहलोत तीसरी बार तथा राज्य के 22वें मुख्यमंत्री बने हैं। गहलोत वर्ष 1998 में पहली बार मुख्यमंत्री बने और इसके बाद वर्ष 2008 में दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। राज्य में अब तक कांग्रेस की दस बार तथा भाजपा की चार बार जबकि एक बार जनता पार्टी की सरकार बनी है। राज्य में अब तक कांग्रेस के मोहन लाल सुखाड़िया सबसे अधिक चार बार मुख्यमंत्री रहे हैं जबकि कांग्रेस के हरिदेव जोशी भी तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इसी तरह भैरोंसिंह शेखावत भी तीन बार मुख्यमंत्री बने जिनमें दो बार भाजपा एवं एक बार जनता पार्टी की सरकार में, इनके अलावा कांग्रेस के जयनारायण व्यास एवं शिवचरण माथुर तथा भाजपा की वसुंधरा राजे दो बार मुख्यमंत्री बनी।

इसी तरह कांग्रेस के हीरा लाल देवपुरा, जगन्नाथ पहाड़िया, बरकतुल्ला खां, टीकाराम पालीवाल को एक बार राजस्थान के मुख्यमंत्री बनने का गौरव हासिल हुआ। विधानसभा के गठन के बाद वर्ष 1952 में पहले विधानसभा चुनाव में तीन मार्च 1952 को टीकाराम पालीवाल पहले निर्वाचित मुख्यमंत्री बने। हालांकि राज्य के 1949 में गठन के समय हीरा लाल शास्त्री को सात अप्रैल 1949 को पहला मुख्यमंत्री बनने का गौरव प्राप्त हुआ था। इसके बाद सी एस वेंकटधारी एवं जयनारायण व्यास भी मुख्यमंत्री बने। राज्य में अब तक वर्ष 1967, 1973, 1980 एवं 1992 में चार बार राष्ट्रपति शासन भी लग चुका हैं।

गहलोत
राज्य में तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने वाले वह चौथे नेता हैं। इंदिरा गांधी के समय से राजनीति में सक्रिय गहलोत केंद्र में मंत्री भी रहे हैं। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कई अहम पदों पर रह चुके गहलोत तीन बार कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष रहे हैं। गहलोत ने राजनीति के अलावा 1971 में बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम के दौरान पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी शरणार्थियों के शिविरों में काम किया और कई सामाजिक गतिविधियों में शामिल रहे।

सचिन पायलट
उप मुख्यमंत्री बने पायलट फिलहाल राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। वह लोकसभा सदस्य और मनमोहन सिंह सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वह अपने जमाने में कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत राजेश पायलट के पुत्र हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News