AAP पार्टी के नेता वीवीआईपी संस्कृति के आदी: माकन

punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2015 - 05:54 PM (IST)

 नई दिल्ली: कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (आप) पर हमला करते हुए कहा कि उसके विधायक और नेता अति विशिष्ट सुविधाओं के आदी होते जा रहे हैं और अब इस पार्टी को आप नही खास आदमी पार्टी (खाप) कहा जाना चाहिए। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जिन नैतिकताओं की दुहाई देकर पार्टी का गठन हुआ और लोगों को गुमराह करके यह पार्टी सत्ता में आई। उन नैतिक मूल्यों को अब पूरी तरह भूल चुकी है और इसके नेता और विधायक  वीवीआईपी संस्कृति की सुविधाओं को इस्तेमाल करने में जुट गए हैं।

माकन ने कहा कि पहले आप पार्टी के नेता कहा करते थे कि उन्हें किसी प्रकार की सुविधाएं नहीं चाहिए और वे जनता की सेवा करने के लिए राजनीति में आये हैं लेकिन सत्ता में आते ही अब विधायकों को मंत्रियों के बराबर सुविधाएं चाहिए , अधिक वेतन चाहिए और अब प्रशासन पर बोझ लादते जा रहे हैं। अब इन्हें बड़े बड़े बंगले, कार सुविधा और वीवीआईपी जैसी सेवाएं चाहिए। 

 
उन्होंने दावा किया कि हम भी सत्ता में रहे हैं लेकिन कभी इस तरह की सुविधाओं के लिए आतुर नही रहे। दिल्ली के कानून मंत्री कपिल मिश्रा को हटाए जाने के संबंध में पूछे गए सवाल पर माकन ने कहा कि जब पार्टी नेतृत्व अपने मंत्रियों से संतुष्ट नही है तो दिल्ली की जनता कैसे विश्वास करेगी। उन्होंने कहा ‘‘ पिछले छह माह के शासनकाल में दिल्ली में तीन कानून मंत्री बनाये गए और दो गृहमंत्री बने , पार्टी के भीतर आंतरिक लोकतंत्र और पारिदर्शिता कहीं भी नजर नही आती। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के भीतर जिसने भी आवाज उठाई उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। लोकपाल के लिए बड़े बड़े दावे कर सत्ता में आई आप पार्टी को अब इससे कोई लेना देना नही है। 
 
दिल्ली में लोकायुक्त का पद काफी समय से खाली पड़ा है और बार बार मांग किए जाने के बावजूद नियुक्ति नही की जा रही है क्योंकि पार्टी को यह भय सता रहा है कि अगर लोकायुक्त की नियुक्ति कर दी गई तो बड़ी संख्या में उसके विधायक लपेटे में आ जाएंगे। माकन ने कहा कि रेहड़ी पटरी वालों को बहुत तंग किया जा रहा है और इसके विरोध में दिल्ली रेहड़ी पटरी कांग्रेस मुख्यमंत्री के आवास के बाहर प्रदर्शन करेगी। दिल्ली विश्व विद्यालय छात्र संघ के 11 सितंबर को होने वाले चुनाव पर माकन ने आरोप लगाया कि आप पार्टी की छात्र युवा संघर्ष समिति (सीवाईएसएस) के लिए दिल्ली सरकार खुब पैसा बहा रही है। पेड़ साइटों पर विज्ञापन दिए जा रहे हैं और तालकटोरा स्टेडियम में एक बड़ा आयोजन किया गया है। यह पहला मौका है कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के चुनाव में पहली बार करोड़ों रुपया पानी की तरह बहाया जा रहा है। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News