सोनिया बताएं ,राष्ट्रीय सुरक्षा पर क्यों रोकी चर्चाः जेतली

punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2015 - 06:16 PM (IST)

नई दिल्लीः सरकार ने आज आरोप लगाया कि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस अपनी ‘तुच्छ राजनीति ’और निहित स्वार्थों के कारण राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर भी संसद में चर्चा नहीं होने दे रही है और पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस पर कांग्रेस की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।   
 
वित्त मंत्री अरुण जेतली ने गत सोमवार को पंजाब के गुरदासपुर में हुए आतंकवादी हमले पर राज्यसभा में गृह मंत्री राजनाथ सिंह के बयान के दौरान कांग्रेस सदस्यों के हंगामे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। सिंह ने अपना बयान हंगामे के बीच ही पढा है जिसके बाद सदन की कार्यवाई स्थगित कर दी गई।   
 
जेतली ने कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि गुरदासपुर हमला सीमा पार से ही हुआ था और पूरा देश इस स्थिति से व्यथित था। यह अपेक्षा थी कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे पर सभी दल एक स्वर में बोलेंगे लेकिन कांग्रेस ने इसके बजाय अपनी तुच्छ राजनीति को प्राथमिकता दी और चर्चा नहीं होने दी।   
 
उन्होंने कहा कि 1993 के मुंबई बम विस्फोटों के आरोपी की सजा पर भी कांग्रेस के नेताओं के विवादास्पद बयान आ रहे हैं जो राजनीति से प्रेरित हैं। इन विस्फोटों में 257 लोग मारे गए थे तथा सैकड़ों घायल हुए थे। कांग्रेस नेताओं के इस तरह के बयान दुर्भाग्यपूर्ण हैं।   
 
जेतली ने मांग की कि प्रमुख राजनीतिक दल का अध्यक्ष होने के नाते श्रीमती गांधी को इन दोनों मुद्दों पर अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट करना चाहिए। वह बताएं कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर चर्चा क्यों रोक रही है। संसद में लगातार चल रहे व्यवधान से जुड़े एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस से अपील करते हैं कि वह अपने नकारात्मक रुख पर एक बार फिर विचार करे।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News