आजम खां से कोई झगड़ा नहीं : अमर सिंह

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2015 - 05:51 PM (IST)

लखनऊ। कभी समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायमसिंह यादव के खास सिपहसलार रहे अमर सिंह से साफ कर दिया है कि उनका आजम खां से कोई झगड़ा नहीं है। उन्होंने यह भी साफ कहा कि पार्टी के थिंक टैंक रामगोपाल यादव से भी उनको कोई गिला-शिकवा नहीं। यहां मुख्यमंत्री की रोजा इफ्तार में पार्टी के तमाम दिग्गजों के साथ मंच साझा करने वाले अमर सिंह ने एक टीवी चैनल से बातचीत में मुलायमसिंह यादव का जमकर गुणगान किया। साथ ही कैबिनेट मंत्री आजम खां तथा राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव के बारे में भी अपनी राय स्पष्ट की।

अमर सिंह ने कहा कि मेरा आजम से कोई झगड़ा नहीं है। ऐसा पहले कभी रहा भी नहीं। उनके इफ्तार पार्टी में आने पर आजम के गैर हाजिर रहने को उन्होंने महज इत्तेफाक बताया। अमर सिंह ने एक बार फिर दोहराया कि मैं समाजवादी नहीं,  मुलायमवादी हूं। जीवन के दो दशक से भी लंबे समय से नेताजी (मुलायम सिंह) के साथ हूं। उनका मेरे घर आना या मेरा उनके घर जाना खबर नहीं है। यह हमारे बीच असीम प्रेम है। मुलायम सिंह से मेरे हृदय के तार जुड़े हैं। जब भी उनकी और मेरी बातचीत होती है, कोई तीसरा नहीं रहता।

अमर सिंह ने कहा कि मुलायम तथा शिवपाल से मेरे रिश्ते तथा संबंध राजनैतिक नहीं, पारिवारिक हैं। अखिलेश मेरे भतीजे हैं और हमेशा रहेंगे। उत्तरप्रदेश का मुख्यमंत्री कई देशों के प्रधानमंत्री के बराबर होता है। इसकी जनसंख्या और क्षेत्रफल कई देशों से ज्यादा है। फिल्म अभिनेत्री तथा अपनी साथी जयाप्रदा के बारे में अमर सिंह ने कहा कि अब जयाप्रदा रामपुर से नहीं, लखनऊ से मतदाता बनेंगी। उनका लखनऊ का निवास प्रमाण-पत्र बन भी गया है। इसके साथ ही वाहन चलाने का लाइसेंस भी उनको यहीं से मिला है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News