मुफ्ती कल लेंगे CM पद की शपथ, PM रहेंगे मौजूद

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2015 - 03:33 AM (IST)

नई दिल्ली : पी.डी.पी. के संरक्षक मुफ्ती मोहम्मद सईद जम्मू-कश्मीर की 25 सदस्यीय कैबिनेट का नेतृत्व करेंगे और 1 मार्च को जम्मू में आयोजित होने वाले उनके शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। धारा-370 और अफस्पा जैसे मामलों पर मतभेद सुलझने और पी.डी.पी. और भाजपा के बीच समझौता होने के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करने से पहले सईद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले।

इसके साथ ही दोनों दलों के बीच सरकार गठन को लेकर 2 महीने तक चली वार्ता समाप्त हो गई। उच्च स्तरीय सूत्रों के अनुसार सईद 25 सदस्यीय कैबिनेट का नेतृत्व करेंगे, जिसमें उप-मुख्यमंत्री के पद सहित भाजपा के 12 और पी.डी.पी. के 13 मंत्री होंगे। भाजपा पहली बार राज्य में सरकार का हिस्सा बनने जा रही है।
 
सईद और प्रधानमंत्री मोदी की बैठक करीब एक घंटे तक चली। इस दौरान पी.डी.पी. के मुख्य वार्ताकार हसीब द्राबू भी मौजूद थे। सईद ने प्रधानमंत्री को जम्मू में आयोजित होने वाले अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान मोदी सईद के गले लगकर मिले। उधर मुफ्ती मोहम्मद सईद ने आज गठबंधन सरकार बनाने का दावा राज्यपाल के पास पेश कर दिया। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News