बी.पी.एल. राशन कार्डधारकों के लिए केंद्र सरकार ने की राहत भरी घोषणा
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2015 - 06:00 AM (IST)
कैथल (सुखविंद्र): बी.पी.एल. राशन कार्डधारकों के लिए केंद्र सरकार ने एक और राहत भरी घोषणा की है। अब घरेलू गैस कनैक्शन लेने के लिए गरीब लोगों को गैस कनैक्शन के लिए दिए जाने वाली 1600 रुपए की सिक्योरिटी नहीं देनी होगी। जो कि गरीब लोगों के लिए यह राहत भरी खबर है। यह सिक्योरिटी केवल अन्य सामान्य उपभोक्ताओं के लिए ही रखी गई है। बी.पी.एल. कार्डधारक को केवल 964 रुपए देने होंगे, इसकी एवज में गैस एजैंसी उपभोक्ता को एक सिलैंडर, रैगुलेटर व पाइप देगी।
इस स्कीम के तहत 15 दिनों से एजैंसियों द्वारा बी.पी.एल. कार्डधारकों के फार्म भी लिए जा रहे हैं और ये कनैक्शन 31 मार्च 2015 तक दिए जाएंगे। अम्बाला रोड स्थित कैथल गैस एजैंसी के मैनेजर चंद्रमोहन जैन ने बताया कि उनके पास अब तक 110 बी.पी.एल. परिवारों ने घरेलू गैस लेने के लिए फार्म आए हैं और प्रतिदिन लोग फार्म लेकर पहुंच भी रहे हैं। शुरूआत में इस स्कीम के तहत उपभोक्ताओं को एक सिलैंडर मिलेगा और बाद में डी.बी.सी. (डबल सिलैंडर) करवा सकते हैं।
डी.एफ.एस.सी. से करवाना होगा प्रमाणित
बी.पी.एल. परिवार के तहत घरेलू गैस कनैक्शन लेने के लिए उपभोक्ताओं को जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी से एक प्रमाण पत्र लेना होगा। इसमें उपभोक्ता का नाम, पता, राशन कार्ड नंबर व बी.पी.एल. सूची नंबर अंकित होना चाहिए। इसके अलावा उपभोक्ता को एक स्वयं भी प्रमाण पत्र देना होगा जिसका प्रोफार्मा सभी गैस एजैंसियों में उपलब्ध है।
बिना सबसिडी के सिलैंडरों के दामों में आई गिरावट
इस समय सबसिडी पर घरेलू गैस सिलैंडर 419 रुपए, बिना सबसिडी 618 रुपए व व्यावसायिक सिलैंडर की कीमत 1241 रुपए है।
12 सिलैंडरों के बाद नहीं मिलेगी सबसिडी
गैस एजैंसी संचालकों ने साफ कर दिया है कि एक उपभोक्ता को एक वर्ष में केवल 12 सिलैंडर पर ही सबसिडी दी जाएगी। इसके बाद उपभोक्ता सिलैंडर तो ले सकता है, जो कि उसे 618 रुपए के हिसाब से मिलेगा लेकिन उसके खाते में आने वाली सबसिडी नहीं मिलेगी, वहीं 618 रुपए में घरेलू सिलैंडर केवल वे ही लोग ले सकते हैं, जिनका गैस कनैक्शन है। एजैंसी संचालकों का कहना है कि वे केवल अपने उपभोक्ताओं को ही सिलैंडर उपलब्ध करवा सकते हैं। बिना खाते वाले लोगों को वे किसी भी कीमत पर सिलैंडर नहीं दे सकते।
बैंकों के चक्कर काटने से मिला छुटकारा
घरेलू गैस सिलैंडर पर मिलने वाली सबसिडी की राशि प्राप्त करने के लिए बैंक का खाता व आधार कार्ड जमा करवाने का कार्य जोर-शोर से जारी है। बैंक व एजैंसी में दोनों स्थानों पर आधार कार्ड नंबर उपभोक्ताओं द्वारा ङ्क्षलक करवाना था लेकिन बैंकों में उपभोक्ताओं को समस्या का सामना करना पड़ रहा था। समस्या को देखते हुए अब स्वयं गैस एजैंसियों ने अपने उपभोक्ताओं का आधार कार्ड व बैंक खाता लेकर स्वयं पहल योजना से लिंक किया जा रहा है। अगर किसी उपभोक्ता के पास आधार कार्ड नहीं है तो वे एजैंसी में केवल अपना बैंक खाता नंबर देकर भी सबसिडी का लाभ उठा सकता है।
