पद्मभूषण बिके, 2 करोड़ की पेंटिंग खरीदवाई, अनुराग ठाकुर ने प्रियंका गांधी से पूछा- ये ‘R’...

punjabkesari.in Monday, Mar 13, 2023 - 09:59 PM (IST)

नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने धन शोधन एवं आतंकवाद के वित्त पोषण के मामलों का अध्ययन करने वाली विदेशी संस्था वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (एफएटीए) की एक नई रिपोर्ट में भारत में मनमोहन सिंह सरकार के समय कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की पेंटिंग वाला मामला आने पर कांग्रेस पर देश को शर्मसार करने का आरोप लगाया है। सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से कहा,‘‘कांग्रेस का एक के बाद एक भ्रष्टाचार का मॉडल सामने आ रहा है। कभी नेशनल हेराल्ड कभी दूसरा, कभी तीसरा। अब एक विदेशी एजेंसी एफएटीए की केस स्टडी में पाया गया है कि कैसे संप्रग की सरकार में एक केंद्रीय मंत्री द्वारा प्रियंका गांधी की पेंटिंग को 2 करोड़ रुपये में खरीदने का दबाव बनाया गया।''

ठाकुर ने कहा,‘‘अभी तक देश की मीडिया और लोग फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स यानी एफएटीए की चर्चा केवल इस बात के लिए करते थे कि पाकिस्तान ग्रे लिस्ट में रहेगा या उससे भी आगे की लिस्ट में जाएगा.. अब उसी एफएटीए की फिर चर्चा है भारत के संदर्भ में. एक परिवार ने पूरी दुनियां के सामने देश का सर शर्म से झुका दिया है, एफएटीए की एक केस स्टडी में देश की नहीं बल्कि देश के एक रसूखदार परिवार की कारगुजारियां शामिल हुई है।'' उन्होंने कहा,‘‘बड़े शर्म की बात है कि गांधी परिवार के भ्रष्टाचार की कहानी केस स्टडी बनाकर पूरी दुनियां को बताई जा रही है, वो भी ऐसी संस्था द्वारा जो आतंकवाद के वित्त पोषण को रोकने के लिए काम करती है।''

ठाकुर ने सवाल किया,‘‘मैं प्रियंका गांधी जी से पूछना चाहूंगा कि क्या ये दबाव बनाया गया था? और अगर बनाया गया तो आखिर क्यों? उस पेंटिंग से आये दो करोड़ रुपए किस पर खर्च हुए? ये मिस्टर आर कौन हैं जिनसे पैसे लेने और पेंटिंग देने का काम किया गया? वो देश में हैं या विदेश में हैं? क्या पैसे के बदले पद्मभूषण, क्या पेंटिंग के बदले पद्मभूषण ये कांग्रेस का भ्रष्टाचार मॉडल है? और कितने राष्ट्रीय सम्मान आपने पैसे के बदले बेचे हैं? भारत को बेचने का कोई भी मौका आपने नहीं छोड़ा होगा। आज देश हीं नहीं पूरी दुनिया आपके भ्रष्टाचार के ऊपर सवाल पूछ रही है। प्रियंका जी को देश को जवाब देना चाहिए कि और ऐसे कितने भ्रष्टाचार के मॉडल कांग्रेस के पास हैं?''

ठाकुर ने यह भी कहा,‘‘इस मामले में भी गांधी परिवार के लिए यूं तो शर्मिंदगी वाला मामला बनता है, लेकिन वो माफी भी नहीं मांगेंगे। वो मुकर जाएंगे ये कहकर कि हमारा नाम इस रिपोटर् में नहीं है, तो सच क्या है, प्रियंका गांधी को आकर देश के सामने इन सवालों के जवाब देने चाहिए। नेशनल हैराल्ड हो या वाड्रा जमीन घोटाला, एक दिन उनके सारे घोटाले उजागर होंगे और भारतीय अदालतें उनकी करतूतों का खुलासा कर सजा भी सुनाएंगी।'' उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आरोप पत्र के मुताबिक, राणा कपूर ने बताया है कि उन्हें प्रियंका गांधी से दो करोड़ रुपए में एक पेंटिंग खरीदने के लिए मजबूर किया गया था। यह पेंटिंग एमएफ हुसैन की थी। राणा कपूर ने दावा किया कि उन्होंने दो करोड़ रुपए के चेक का भुगतान किया था। आखिर राणा कपूर पर दबाव बनाने वाले और उस पैसे का उपयोग करने में कौन लोग शामिल हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News