अमेरिका से निकाले गए भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंचा एक और विमान, जानें कितने प्रवासी वापस आए

punjabkesari.in Monday, Feb 24, 2025 - 05:40 AM (IST)

नई दिल्लीः अमेरिका द्वारा पनामा निर्वासित किये गये 12 भारतीय नागरिक रविवार शाम लैटिन अमेरिकी देश से भारत लौट आये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। निर्वासित लोग नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरे। यह अमेरिका द्वारा निर्वासन के बाद पनामा से लौटने वाले भारतीयों का पहला जत्था है। 

समझा जाता है कि ये 12 भारतीय उन 299 अवैध प्रवासियों में शामिल हैं, जिन्हें कुछ दिन पहले अमेरिका ने पनामा निर्वासित किया था। इससे पहले अवैध प्रवासियों के खिलाफ डोनाल्ड ट्रंप सरकार की कार्रवाई के बीच पांच, 15 और 16 फरवरी को अवैध भारतीय प्रवासियों के तीन जत्थों को अमेरिका से वापस भेजा गया था। 

अब तक कुल 332 भारतीयों को वापस भेजा गया
अब तक अमेरिका ने तीन सैन्य विमानों से कुल 332 भारतीयों को भारत भेजा है, और रविवार को आम विमान से 12 और भारतीयों को भेजा गया। इस प्रकार, अब तक 344 भारतीयों को अमेरिका से वापस भेजा जा चुका है। पहला विमान 5 फरवरी को भारत के अमृतसर में उतरा था, जिसमें 104 लोग सवार थे, जिनमें 30 पंजाबी थे। इसके बाद 15 और 16 फरवरी को भी 116 और 112 भारतीयों को अमेरिका से भारत भेजा गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News