कोलकाता में अमित शाह का ममता बनर्जी पर बड़ा हमला, बोले- TMC को उखाड़ फेंकने का समय आ गया
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 02:07 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राज्य के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य के साथ मिलकर शाह ने शनिवार को टीएमसी सरकार के 15 साल के शासन के खिलाफ एक 'आरोप पत्र' (Chargesheet) जारी किया।
भय और भरोसे के बीच का चुनाव
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि आगामी चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि बंगाल की जनता के लिए डर और विश्वास के बीच चुनाव करने का अवसर है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों से ममता बनर्जी ने झूठ, हिंसा और भ्रष्टाचार की राजनीति को बढ़ावा दिया है।

अमित शाह ने संबोधन में कही ये बातें
शाह ने कहा, "ममता बनर्जी ने अपनी राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए झूठ और हिंसा का सहारा लिया है। टीएमसी की सत्ता का आधार ही डर है।" गृह मंत्री ने घुसपैठ को बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा, "असम में भाजपा सरकार आने के बाद घुसपैठ खत्म हो गई है, लेकिन बंगाल अभी भी घुसपैठियों के लिए एकमात्र रास्ता बना हुआ है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता है।" शाह ने तंज कसते हुए कहा कि 'सोनार बांग्ला' का सपना दिखाकर टीएमसी ने बंगाल को 'भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला' और 'उद्योगों का कब्रिस्तान' बना दिया है। यहाँ सिंडिकेट राज आम जनता को प्रताड़ित कर रहा है।
बंगाल चुनाव का शेड्यूल
चुनाव आयोग की घोषणा के अनुसार, बंगाल में दो चरणों में मतदान होगा। पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा 29 अप्रैल को होगा। 4 मई को मतगणना होगी।

सुवेंदु अधिकारी की तारीफ
शाह ने सुवेंदु अधिकारी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे बंगाल का दौरा कर अराजकता, आर्थिक बदहाली और घुसपैठ जैसे मुद्दों को जन-जन तक पहुँचाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2011 से संघर्ष कर रही भाजपा इस बार बंगाल में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
