भाजपा का सुषमा को आखिरी सलाम, पार्थिव शरीर पर अमित शाह ने ओढ़ाया पार्टी का झंडा

punjabkesari.in Wednesday, Aug 07, 2019 - 02:31 PM (IST)

नई दिल्लीः भाजपा ने पूर्व विदेश मंत्री और अपनी प्रखर नेता सुषमा स्वराज को आखिरी सलाम और अंतिम विदाई दी। सुषमा स्वराज का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शनों के लिए भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में रखा गया। पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सुषमा को अंतिम श्रद्धांजलि देते हुए उनके पार्थिव शरीर पर पार्टी का झंडा ओढ़ाया। सुषमा स्वराज भाजपा की वह नेता थी जो अपनी भाषण शैली के अलावा दरियादिली के लिए भी जानी जाती हैं। उन्होंने आम लोगों के बीच भाजपा की एक अलग ही पहचान बनाई थी। उनके निधन के शोक में भाजपा मुख्यालय पर पार्टी का झंडा झुका दिया गया। वहीं शाह ने कहा कि सुषमा स्वराज का निधन भाजपा एवं भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।

PunjabKesari

उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री सहित विभिन्न पदों पर काम करते हुए सुषमा स्वराज ने देश का मान बढ़ाया। उन्होंने एक प्रखर वक्ता, एक आदर्श कार्यकर्त्ता, लोकप्रिय जनप्रतिनिधि और एक कर्मठ मंत्री जैसे विभिन्न रूपों में भारतीय राजनीति में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि मैं समस्त भाजपा कार्यकर्त्ताओं की ओर से उनके परिजनों, समर्थकों व शुभचिंतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।

 

सुषमा स्वराज को उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने के बाद शाह ने संवाददाताओं से कहा कि विदेश मंत्री के रूप में उन्होंने पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ाया और उनके निधन से जो शून्य उत्पन्न हुआ है, उसका भरना मुश्किल है। वहीं, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने ट्वीट किया, ‘‘ हमारी वरिष्ठ नेत्री सुषमा जी के आकस्मिक निधन से भाजपा परिवार का प्रत्येक सदस्य शोकाकुल और स्तब्ध है। भाजपा के सभी कार्यक्रम आज स्थगित कर दिए गए।'' गौरतलब है कि पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार रात निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News