''इतालवी चश्मा'' उतारकर भारतीय चश्मे पहनें, तभी देख पाएंगे देश का विकास: अमित शाह का राहुल गांधी पर पलटवार
punjabkesari.in Sunday, May 22, 2022 - 03:06 PM (IST)
नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्वोत्तर भारत में ‘‘भ्रष्टाचार की संस्कृति'' को समाप्त किया है और विकास कार्यों के लिए निर्धारित धन अब आखिरी व्यक्ति तक पहुंचा है, जबकि कांग्रेस के शासन में अधिकतर राशि बिचौलिए हड़प जाते थे। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के 50 साल में इस क्षेत्र को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2014 में सत्ता में आने के बाद ही इस क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ।
Amit Shah asks Rahul Gandhi to take off 'Italian glasses' to see development
— ANI Digital (@ani_digital) May 22, 2022
Read @ANI Story | https://t.co/B3qfuXBVcT#AmitShah #RahulGandhi #BJP #Congress pic.twitter.com/JEMxiD1PE4
उन्होंने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री से यह सवाल करने के लिए कांग्रेस पर निशाना साधा कि उन्होंने क्षेत्र में किया क्या है। शाह ने कहा कि यदि कांग्रेस आंखें बंद रखेगी, तो वह विकास को देख नहीं पाएगी। शाह ने कहा, ‘‘राहुल गांधी, आंखें खोलिए और इतालवी चश्मे उतारकर भारतीय चश्मे पहनिए। तभी आप क्षेत्र में मोदी द्वारा किए गए विकास को देख पाएंगे, जो आपकी पार्टी 50 साल में करने में नाकाम रही।''
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के शासन के दौरान इस क्षेत्र के लिए दी गई विकास निधि को बिचौलियों ने हड़प लिया, लेकिन 2014 में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के केंद्र की सत्ता में आने के साथ ही भ्रष्टाचार की संस्कृति समाप्त हो गई है और एक-एक पैसे का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने सुनिश्चित किया है कि विकास का पैसा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।''