पूर्वोत्तर राज्यों में कांग्रेस की हार, राहुल के इटली दौरे पर अमित शाह ने ली चुटकी

punjabkesari.in Sunday, Mar 04, 2018 - 10:09 AM (IST)

नई दिल्लीः तीन पूर्वोत्तर राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजे भाजपा के लिए अच्छी खबर लेकर आए। त्रिपुरा में भगवा रंग लाल सलाम पर भारी पड़ा और भाजपा ने राज्य में 25 साल के वाम शासन को उखाड़कर अकेले दम बहुमत हासिल किया। नगालैंड में भाजपा को सरकार में शामिल होने का न्यौता मिला। हालांकि मेघालय में किसी दल को बहुमत नहीं मिला और वहां चुनाव परिणाम त्रिशंकु विधानसभा के रूप में निकला। त्रिपुरा में पिछले चुनाव में एक भी सीट जीत पाने में नाकाम रही भाजपा ने इस बार आश्चर्यजनक प्रदर्शन किया और 60 सदस्यीय विधानसभा में 32 सीट जीतकर अपने दम पर ही बहुमत हासिल कर लिया। दूसरी ओर कांग्रेस को इस बार हार का सामना करना पड़ा।  कांग्रेस को त्रिपुरा और नगालैंड में एक भी सीट नहीं मिली है।

त्रिपुरा और नगालैंड में मिली हार के बाद कांग्रेस की तरफ से हार पर कोई प्रतिक्रिया नहीं जारी की गई है क्योंकि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी देश से बाहर हैं। राहुल गांधी अपनी नानी के घर इटली गए हुए हैं। कांग्रेस नेताओं को भी नहीं मालूम कि राहुल कब लौटेंगे। कांग्रेस हाल ही में साफ्ट हिन्दुत्व के रास्ते पर लौटी है लेकिन वे होली के त्योहार पर ही भारत में नहीं थे। वहीं कांग्रेस ने राहुल के इटली दौरे का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें अपनी नानी से मिलने का पूरा अधिकार है और यह उनका निजी मसला है। कांग्रेस अध्यक्ष के इटली दौरे पर भाजपा के चाणक्य अमित शाह ने चुटकी ली। उन्होंने राहुल पर तंज कसते हुए कहा कि मुझे व्हॉट्सएप पर मैसेज आया है कि इटली में चुनाव है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News