BJP Gonda chief: पार्टी दफ्तर में महिला के साथ अश्लील हरकत करते पकड़े गए BJP नेता, अब कारण बताओ नोटिस में दिया ये जवाब

punjabkesari.in Monday, May 26, 2025 - 08:05 AM (IST)

नेशनल डेस्क:  उत्तर प्रदेश के गोंडा से भाजपा नेता अमर किशोर कश्यप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसने पार्टी में हलचल मचा दी है। वीडियो में एक महिला के साथ उनके व्यवहार को पार्टी ने अनुशासनहीनता करार देते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। इस मामले ने पार्टी के भीतर विवाद खड़ा कर दिया है, जिससे पार्टी नेतृत्व ने तुरंत जांच के आदेश दिए हैं।

PunjabKesari

गोण्डा जिले में पार्टी कार्यालय के परिसर में रिकॉर्ड हुए इस वीडियो में महिला के साथ अमर किशोर कश्यप की बातचीत और उनका हाव-भाव विवादित बताया जा रहा है। भाजपा के एक कार्यकर्ता ने इस वीडियो को “शर्मनाक” करार देते हुए पार्टी नेतृत्व को शिकायत दी। इसके बाद पार्टी ने कश्यप को सात दिन के भीतर अपनी सफाई देने का नोटिस जारी किया है।

भाजपा के प्रदेश महासचिव गोविंद नारायण शुक्ला ने कहा कि वीडियो में दिखाया गया व्यवहार पार्टी की छवि के लिए नुकसानदेह है और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कश्यप इस नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं देते हैं तो पार्टी कड़ी कार्रवाई करेगी।

अमर किशोर कश्यप ने इस मामले में अपनी बात रखते हुए बताया कि महिला पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने खुद उन्हें फोन करके कहा था कि वह अस्वस्थ महसूस कर रही हैं और कुछ देर के लिए कहीं आराम करना चाहती हैं। कश्यप ने कहा, “मैंने उनकी मदद की, उन्हें पार्टी कार्यालय में आराम करने के लिए जगह दी। यह सब गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।”

वायरल वीडियो में महिला सलवार-कमीज पहने हुए कार से उतरती नजर आ रही है। इसके बाद कश्यप महिला का हाथ थामते हुए साथ चलते हैं और एक छोटा सा गले लगाना भी वीडियो में कैद हुआ है। कश्यप ने इसे महिला की तबीयत खराब होने की वजह से समर्थन देने के लिए बताया है।

कश्यप ने कहा, "अगर हम अपने कार्यकर्ताओं की मदद नहीं करेंगे तो किसकी करेंगे? मदद करना अपराध नहीं हो सकता।" पार्टी नेतृत्व की ओर से इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है और आगे की कार्रवाई पर नजर रखी जा रही है। गोण्डा से यह मामला अब राजनीति में बड़ा मुद्दा बनता दिख रहा है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News