अल्पेश ठाकोर कांग्रेस छोड़ भाजपा में हो सकते हैं शामिल
punjabkesari.in Thursday, Mar 07, 2019 - 06:45 PM (IST)
नेशनल डेस्कः गुजरात के ओबीसी नेता और कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकते हैं। माना जा रहा है वह जल्द ही बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। उन्हें सरकार में सीधे मंत्री बनाया जा सकता है। यह भी माना जा रहा है कि अल्पेश के अलावा भी गुजरात के कई कांग्रेसी विधायक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। अल्पेश ठाकोर ने कांग्रेस पर अनदेखी के आरोप लगाए हैं। हालांकि अल्पेश भाजपा में शामिल होने को लेकर इंकार कर रहे हैं।
अल्पेश ने कहा था कि उनकी ईमानदारी को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कांग्रेस पर ओबीसी समुदाय की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस में शामिल होकर उन्हें कुछ नहीं मिला। अल्पेश ने एक अंग्रेजी वेबसाइट से बातचीत करते हुए कहा था कि अगर कांग्रेस और उनके बीच चीजें ऐसी ही चलती रहीं तो इसका असर लोकसभा चुनाव पर पड़ेगा।
ओबीसी नेता ने कहा था कि साल 2017 में गुजरात में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी और बेहतर कर सकती थी। लेकिन सूबे के कांग्रेस नेतृत्व की वजह से ऐसा नहीं हो पाया। उसी वक्त उनके भाजपा से बातचीत की बात भी सामने आई थी। हालांकि उस वक्त अल्पेश का कहना था कि वह पार्टी से नाराज तो हैं। लेकिन पार्टी छोड़कर जाने का उनका कोई इरादा नहीं है।