अखिलेश यादव ने लॉन्च किया ‘समाजवादी परफ्यूम’, भाजपा सरकार पर साधा जमकर निशाना

punjabkesari.in Tuesday, Nov 09, 2021 - 05:22 PM (IST)

नेशनल डेस्कः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी ऑफिस में ‘समाजवादी परफ्यूम’ लॉन्च किया। इस मौके पर उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि भाजपा का वश चलेगा तो इस परफ्यूम का रंग बदल देगी मगर इसकी खुश्बू नहीं बदल पायेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बताना चाहिये कि पिछले साढ़े चार सालों में उनकी सरकार की क्या उपलब्धियां रही है। इन्होने सिर्फ नाम और रंग बदलने का काम किया है या फिर यूपी को बरबाद किया है। भाजपा के कार्यकाल में सबसे ज्यादा आत्महत्यायें मजदूरो,बेरोजागार युवाओं और किसानो ने की है।

लखीमपुर मामले में सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का हवाला देते हुये अखिलेश ने कहा कि जब तक भाजपा सरकार में है, न्याय की उम्मीद लोगों को नहीं करनी चाहिये। उत्तर प्रदेश में तीन इंजन कानून व्यवस्था को ध्वस्त कर रहे है। दिल्ली और लखनऊ के अलावा अब लखीमपुर का इंजन भी कानून व्यवस्था का बेड़ा गर्क कर रहा है।

यादव ने कहा कि नोटबंदी का फैसला मास्टर स्ट्रोक के बजाय आम जनता के लिये ब्रेन स्ट्रोक की तरह रहा जबकि इसका फायदा उद्योगपतियों को जरूर मिला। मोदी सरकार का तर्क था कि नोटबंदी से काला धन वापस आयेगा। सरकार बताए कि कितना काला धन वापस आया और कौन इसे लेकर विदेश चला गया। वह पहले भी कह चुके हैं कि हमारा आपका लेनदेन काला सफेद होता है, रूपया काला सफेद नहीं होता। भाजपा के कार्यकाल में देश में भ्रष्टाचार चरम पर है, खासकर उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार सभी सीमाओं को तोड़ चुका है। अर्थव्यवस्था के खराब हालात भाजपा के गलत फैसलों से पैदा हुए।

अखिलेश ने कहा कि फतेहगढ जेल में हुयी हिंसा सरकार की ठोको नीति का परिणाम है। जेल में कैदियों ने जेल, पुलिस अफसरों और बंदी रक्षकों सबको ठोक दिया। अब तो एसआईटी पर भी सवाल खड़े होने शुरू हो गये है। एसआईटी को किस दिशा में जांच करनी है, यह भाजपा तय करती है। अब एसआईटी की जांच कौन करेगा। सही मायनों में भाजपा के गलत फैसले सस्थाओं को खत्म कर रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News