चाचा शिवपाल के लिए अखिलेश ने छोड़ी जसवंतनगर की सीट, सरकार बनीं तो बनेंगे कैबिनेट मंत्री

punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2020 - 05:26 PM (IST)

नेशनल डेस्कः अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को इटावा में ऐलान किया कि उनकी पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव में छोटे दलों से गठजोड़ करेगी, लेकिन किसी बड़े दल से कोई तालमेल नहीं करेगी। साथ ही कहा कि सरकार बनने पर चाचा शिवपाल सिंह यादव को न सिर्फ कैबिनेट मंत्री बनाया जायेगा बल्कि उनकी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) को विलय करने के बारे में भी विचार किया जायेगा। यादव ने सिविल लाइंस स्थित आवास पर देश-प्रदेश वासियों को दीपावली की बधाई दी।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी सरकार ने इटावा में बहुत बेहतरीन सफारी का निर्माण करवाया है। इटावा-मैनपुरी हाइवे का निर्माण करवाया। यमुना नदी पर पुलों का निर्माण करवाया है। इटावा में एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम का निर्माण करवाया। आधुनिक जेल का निर्माण करवाया है। इटावा का विकास केवल सपा ने ही करवाया है। खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के काम यश भारती सम्मान देकर किया। इटावा का इतिहास भी आजादी से जुड़ा हुआ है। डीएम आवास कभी अंग्रेज डीएम एओ ह्यूम का रहा है। समाजवादी सरकार बनने पर डीएम आवास को म्यूजियम बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में लैपटॉप भी मिल जाता था, योगी सरकार कन्या सुमंगला योजना का लाभ देने का दावा करते है, लेकिन किसे मिल रहा है। किसी को कुछ भी नही पता। धान खरीद में गड़बड़ी ही गड़बड़ी है। भाजपा के जनप्रतिनिधि ही धान खरीद पर सवाल उठा रहे हैं।
 

यादव ने कहा कि कई जिलों को ओडीएफ कर दिया गया, जांच हुई तो पता चला कि वहां शौचालय हैं ही नहीं। ये ही सरकार कहती थी कि किसानों की आय दोगुनी कर देंगे। हम पूछना चाहते हैं कि सरकार बताए कि किसान की आय उन्होंने दोगुनी की है। सरकार की तरफ से तय पैसा क्या धान किसान को मिला। महंगाई बढ़ गई, बिजली की कीमतें कहां पहुंच गईं, इसकी पूरी तरह से दोषी बीजेपी सरकार है। उन्होने कहा ‘‘ विकास के साथ ही अन्याय, भ्रष्टाचार को जनता के सामने रखेगी। मैंने सुना है शेर इटावा से कहीं और (गोरखपुर) जा रहे हैं। मैं सरकार से कहूंगा कि हमारी इटावा लायन सफारी शुरू कर दें और जितने शेर ले जाना है ले जाएं। उन्होंने तंज किया कि हमें पता है उनके पास एक भी शेर नहीं हैं। ये ही सरकार कहती थी कि गोरखपुर के डॉक्टर हम इटावा और सैफई में ले आए हैं।

दरअसल लायन सफारी इसलिए नहीं खोल रहे हैं, क्योंकि जनता इससे समाजवादी पार्टी की तारीफ करेगी। मुख्यमंत्री को पता ही नहीं है कि उनके बुंदेलखंड एक्सप्रेस को हमारे इटावा घर से जोड़ दिया है। आगामी 2022 चुनाव में शिवपाल यादव की पार्टी प्रसपा से गठबंधन के सवाल पर यादव ने कहा कि उनकी पाटर्ी को भी एडजस्ट करेंगे। उनके लिए जसवंतनगर सीट सपा ने छोड़ दी है और आने वाले समय मे उनके लोग मिलें, सरकार बनाएं। सरकार बनने पर उनके नेता को कैबिनेट मंत्री भी बना देंगे।

एक कार्यकर्ता के सवाल पर कि बिहार के परिणाम की तरह 2022 में यूपी में स्थिति बनती है, उस समय सपा की रणनीति क्या होगी, यादव ने कहा कि रणनीति का खुलासा नहीं करेंगे, नहीं तो उन्हें जानकारी हो जाएगी। अखिलेश ने कहा कि लोकतंत्र में इतना बढ़ा धोखा किसी के साथ नही हुआ होगा, जितना बीजेपी ने वहां के लोगों के साथ किया है. महागठबंधन को बेइमानी से हराया है। उन्होंने कहा कि जब चुनाव वहां के डीएम, एसपी, सीओ और सिपाही लड़ेंगे तो कौन जीतेगा। चुनाव भाजपा नहीं लड़ रही, उनकी सरकार के जितने भी अधिकारी हैं, वे चुनाव लड़ रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा 2022 के चुनावों में विकास कार्यो को लेकर और भाजपा सरकार में किए गए भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News