AIMIM नेताओं पर गिरी गाज! एनकाउंटर वाले बयान पर मेरठ में 3 गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 08:40 AM (IST)
AIMIM Leaders Arrested : उत्तर प्रदेश के मेरठ में विवादित और भड़काऊ भाषण देने के आरोप में पुलिस ने AIMIM के तीन बड़े नेताओं को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 23 मार्च को लोहिया नगर में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद की गई है जिसमें प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने पुलिस और कानून व्यवस्था को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
क्या था विवादित बयान?
ईद मिलन समारोह के दौरान हाजी शौकत अली ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुस्लिम समुदाय को संबोधित किया था। उन्होंने कहा- आपने जिन्हें 111 सीटें दीं, वे आज खामोश हैं। मुझे सिर्फ 11 विधायक दे दो, मैं वादा करता हूं कि अगर यूपी में किसी मुसलमान का एनकाउंटर होगा तो एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा।" इसके अलावा उन्होंने मेरठ एसएसपी के उस आदेश पर भी तंज कसा जिसमें सड़क पर नमाज पढ़ने वालों के पासपोर्ट और लाइसेंस निरस्त करने की बात कही गई थी। शौकत अली ने कहा कि पुलिस को उन लोगों पर भी कार्रवाई करनी चाहिए जो मस्जिदों के सामने 'नागिन डांस' करते हैं।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारियां
भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही एएसपी कोतवाली अंतरिक्ष जैन ने मामले का संज्ञान लिया। जांच में बयान को समाज में वैमनस्य फैलाने वाला और भड़काऊ पाया गया। इसके बाद लोहिया नगर थाने में हाजी शौकत अली और आयोजकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने देर रात छापेमारी कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष महताब चौहान, महानगर अध्यक्ष इमरान अंसारी और महानगर सचिव राजी सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी हाजी शौकत अली फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं जिनकी तलाश में कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
सियासी सरगर्मी तेज
इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। पुलिस का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने या भड़काऊ बयानबाजी कर शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। वहीं, एआईएमआईएम समर्थकों में इस कार्रवाई को लेकर भारी रोष देखा जा रहा है।
