5-Day Work Week: नए लेबर कोड को लेकर SBI समेत बड़े बैंकों की 12 फरवरी को देशभर में हड़ताल
punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 10:54 AM (IST)
नेशनल डेस्क: यदि आप कल बैंक जाकर अपना कोई जरूरी काम पूरा करने की योजना बना रहे हैं, तो आपको सावधानी बरतने की जरूरत है। देशभर के प्रमुख बैंक संगठनों ने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में एक दिन की देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की है। हालांकि रिजर्व बैंक के आधिकारिक कैलेंडर में कल कोई सार्वजनिक अवकाश नहीं है, लेकिन कर्मचारियों के काम पर न आने की वजह से बैंकिंग सेवाओं में बाधा आ सकती है।
हड़ताल के पीछे की मुख्य वजहें
बैंकों की प्रमुख यूनियनों (जैसे AIBEA, AIBOA और BEFI) ने केंद्र सरकार के नए श्रम नियमों (Labor Code) के विरोध में यह कदम उठाया है। कर्मचारियों का तर्क है कि ये नए नियम उनके हितों के खिलाफ हैं। इसके साथ ही बैंककर्मी लंबे समय से 'हफ्ते में केवल पांच दिन काम' (5-Day Work Week) की सुविधा लागू करने की मांग भी कर रहे हैं। इसी खींचतान के चलते यूनियनों ने 12 फरवरी को विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया है।
किन सेवाओं पर पड़ेगा बुरा असर?
भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा और IDBI जैसे बड़े संस्थानों ने पहले ही संकेत दे दिया है कि वे कामकाज को सुचारू रखने का प्रयास करेंगे, लेकिन स्टाफ की कमी के कारण देरी होना तय है। यदि आपको बैंक की शाखा में जाकर चेक जमा करना है, कैश का लेन-देन करना है या लोन संबंधी कागजी कार्रवाई पूरी करनी है, तो आपका काफी समय बर्बाद हो सकता है। चेक क्लीयरेंस की प्रक्रिया भी कल सुस्त रहने की संभावना है।
डिजिटल लेन-देन रहेगा सुरक्षित
ग्राहकों के लिए राहत की बात यह है कि इस हड़ताल का असर ऑनलाइन बैंकिंग सेवाओं पर नहीं पड़ेगा। आप हमेशा की तरह नेट बैंकिंग, मोबाइल ऐप और UPI के जरिए पैसों का ट्रांसफर कर सकेंगे। एटीएम (ATM) में भी कैश की उपलब्धता सामान्य रहने की उम्मीद है। हालांकि, ब्रांच जाने की मजबूरी हो तो बेहतर होगा कि आप पहले ही फोन पर स्थिति का पता कर लें या आज ही अपने जरूरी काम निपटा लें।
