चंद्रबाबू नायडू के बाद अब तमिलनाडु सीएम का जनसंख्या बढ़ाने को लेकर बयान, बोले- 16-16 बच्चे पैदा करो

punjabkesari.in Monday, Oct 21, 2024 - 01:01 PM (IST)

नेशनल डेस्क. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के बाद अब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने देश की जनसंख्या बढ़ाने की बात की है। उन्होंने कहा कि नए शादीशुदा जोड़ों को 16-16 बच्चे पैदा करने चाहिए, जिससे लोकसभा में प्रदेश की सीटों पर असर पड़ेगा और देश की जनसंख्या भी बढ़ेगी। यह बयान उन्होंने चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान दिया।

मुख्यमंत्री स्टालिन चेन्नई में हिंदू धार्मिक और बंदोबस्ती बोर्ड के सामूहिक विवाह कार्यक्रम में आए थे, जहां 31 जोड़ों की शादी कराई गई। नवविवाहितों को आशीर्वाद देते हुए उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि नवविवाहित जोड़े संपत्ति अर्जित करने के बजाय ज्यादा बच्चे पैदा करें। इससे प्रदेश और देश दोनों को लाभ होगा।


अपने मंत्री की सराहना 

सीएम स्टालिन ने मानव संसाधन और सामाजिक न्याय मंत्री शेखर बाबू की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि DMK सरकार मंदिरों के रखरखाव और संसाधनों के उचित उपयोग के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग ईश्वर की भक्ति को ढाल बनाकर काम करते हैं, सरकार उनके खिलाफ खड़ी रहेगी।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले लोग 16 प्रकार की संपत्तियों के लिए आशीर्वाद देते थे, लेकिन अब आशीर्वाद देना चाहिए कि लोग 16 बच्चे पैदा करें और खुशहाल जीवन बिताएं। इन 16 संपत्तियों में गाय, घर, पत्नी, संतान, शिक्षा, ज्ञान, भूमि, जल, आयु, वाहन, सोना, संपत्ति, और फसल शामिल हैं। अगर लोग ज्यादा बच्चे पैदा करेंगे, तो इससे जनसंख्या बढ़ेगी और प्रदेश का प्रतिनिधित्व लोकसभा में भी बढ़ेगा।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री का बयान

इससे पहले आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी जनसंख्या बढ़ाने को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के राज्यों में रहने वाले लोगों को ज्यादा बच्चे पैदा करने चाहिए। उनकी सरकार 2 से अधिक बच्चों वाले लोगों को स्थानीय निकाय चुनाव लड़ने का मौका देने के लिए कानून बनाने जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News