अफताब ने कहा केवल हिंदू लड़कियों को ही डेट करता था क्योंकि…CM सरमा ने फिर उठाया श्रद्धा का मुद्दा
punjabkesari.in Tuesday, Nov 22, 2022 - 09:54 PM (IST)

नेशनल डेस्कः गुजरात विधानसभा चुनाव में सिर्फ एक हफ्ते का समय बचा है। भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और नई नवेली आम आदमी पार्टी जमकर चुनाव प्रचार में जुटी हुई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को असम के चीफ मिनिस्टर हेमंत बिस्व सरमा गुजरात प्रचार करने पहुंचे। यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए सरमा ने फिर श्रद्धा हत्याकांड का जिक्र किया और लव जिहाद के खिलाफ सख्त कानून बनाने की बात की। उन्होंने कहा कि देश को लव-जिहाद के खिलाफ एक सख्त कानून की जरूरत है, जो केवल भाजपा ही कर सकती है। दरअसल, श्रद्धा वाकर की हत्या में लव जिहाद के एंगल की अटकलें लगाई जाने लगी हैं क्योंकि आफताब एक मुसलमान है।
असम के सीएम ने जसनभा में कहा कि आफताब ने श्रद्धा की हत्या की और उसके शरीर के 35 टुकड़े कर दिए। इसके बाद उन टुकड़ों को फ्रीज में डाल दिया। उसके बाद दूसरी लड़की को डेट करने लगा। पुलिस ने जब आफताब से पूछा कि वो केवल हिंदू लड़कियों को ही क्यों लाता था तो उसने कहा कि वो भावुक होती हैं। ऐसे आफताब श्रद्धा और भी हैं। देश को लव जिहाद के खिलाफ सख्त कानून की जरूरत है।
#WATCH | Gujarat: Aftaab killed Shardha & chopped her body into 35 pieces. When police asked why he brought only Hindu girls he said he did it because they're emotional.There're other Aftaab-Shradha too,country needs strict law against 'Love Jihaad': Assam CM HB Sarma in Dhansura pic.twitter.com/5PEc7HsvVh
— ANI (@ANI) November 22, 2022
दिल्ली में भी उठाया था श्रद्धा हत्याकांड का मामला
इससे पहले पूर्वोत्तर दिल्ली में नगर निगम चुनाव के लिए प्रचार के दौरान भी सरमा ने महरौली हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए लव जिहाद के खिलाफ कड़े कानून की मांग की थी। चार दिसंबर को होने वाले दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए पूर्वोत्तर दिल्ली के घोंडा इलाके में भाजपा के ‘विजय संकल्प’ रोड शो के दौरान कहा, जैसा कि हम सब जानते हैं कि देश को तीन तलाक के खिलाफ कानून मिल गया है, हमें लव जिहाद के खिलाफ कानून की जरूरत है और एक समान नागरिक संहिता की भी।
असम के मुख्यमंत्री ने महरौली हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा, आपने कुछ दिन पहले देखा था कि आफताब नामक एक शख्स ने श्रद्धा के 35 टुकड़े कर दिए। लव जिहाद जिसके बारे में हम अखबारों में पढ़ते थे, अब हमारे शहरों और महानगरों तक पहुंच गया है।
बताते चलें कि आफताब पूनावाला ने 18 मई को श्रद्धा वालकर (27) को कथित तौर पर गला घोंटकर मार डाला था और उसके शरीर के 35 टुकड़े करके दक्षिण दिल्ली के महरौली स्थित अपने आवास पर लगभग तीन सप्ताह तक 300 लीटर के फ्रिज में रखे थे। इन टुकड़ों को वह कई दिनों तक आधी रात के बाद शहर में कई जगहों पर फेंकता रहा था।